IPL 2026 में KKR के लिए खेल रहे तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी का नया वर्जन (Kartik Tyagi 2.0) सामने आया है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2020 में प्रियम गर्ग की कप्तानी में उपविजेता रही भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे कार्तिक त्यागी (Kartik Tyagi) का अब तक का आईपीएल करियर उतार-चढ़ाव वाला रहा है। लेकिन आईपीएल 2026 का दूसरा हाफ न सिर्फ उनके लिए बल्कि उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए भी गेमचेंजर साबित हुआ।
दरअसल, कार्तिक त्यागी को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के ऑक्शन में 30 लाख रूपये में खरीदा था। लेकिन इस सीजन टीम की शुरुआत काफी खराब रही। उन्हें शुरूआती 6 मैचों में एक भी जीत नहीं मिल सकी, जबकि पंजाब किंग्स के खिलाफ एक मैच बारिश के चलते नो रिजल्ट रहा।
लेकिन इसके बाद अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम ने धमाकेदार वापसी की और सात मैचों में से 6 मुकाबलों में शानदार जीत हासिल की। इसी के चलते पहले हाफ में 10वें स्थान पर चल रही टीम दूसरे हाफ में प्लेऑफ की रेस में मजबूती से कदम रख चुकी है। अब उनके पास पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की हार एवं अपने अंतिम मैच में जीत हासिल करके प्लेऑफ में पहुँचने का मौका है।
इस सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स की धमाकेदार वापसी में कई बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अपनी अहम भूमिका निभाई है, लेकिन 25 वर्षीय तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी सबसे बड़े हीरो रहे हैं। KKR के लिए अपने पहले ही सीजन में त्यागी ने जबरदस्त छाप छोड़ी है, जिसे हम आंकड़ों में समझाने जा रहे हैं।
आईपीएल 2026 में KKR के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं कार्तिक त्यागी
आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लगभग सभी पुराने एवं अनुभवी गेंदबाज लगातार संघर्ष करते नजर आए हैं, लेकिन कार्तिक त्यागी ने दूसरे हाफ में शानदार गेंदबाजी का नमूना पेश किया।
वह इस सीजन 13 मैचों की 12 पारियों में 24.61 की औसत और 15.66 की स्ट्राइक रेट से 18 विकेटों के साथ अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जबकि पर्पल कैप की रेस में पांचवें स्थान पर भी आ गए हैं।
IPL 2026 में कार्तिक त्यागी बने KKR के ‘संकटमोचक’
त्यागी ने आईपीएल 2026 पहले हाफ में उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था, जिसका असर उनकी टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ा था। लेकिन उन्होंने दूसरे हाफ में अपनी शानदार गेंदबाजी से कोलकाता नाइट राइडर्स को बेहतरीन कमबैक कराया।
वह इस सीजन शुरूआती 6 मैचों की 5 पारियों तक 39.40 की औसत और 22.8 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 5 ही विकेट ले सके थे और उनकी इकॉनमी भी 10.37 की रही थी। इस दौरान उनकी बेस्ट बॉलिंग परफॉरमेंस 2/35 की रही थी।
लेकिन इसके बाद अगले सात मैचों में कार्तिक ने 18.92 की औसत और 12.92 की स्ट्राइक रेट से 13 विकेट चटकाए। इस दौरान उनकी इकॉनमी भी 8.79 की रही है, जो पॉवरप्ले में और डेथ ओवर गेंदबाजी के लिहाज से काफी अच्छे आंकड़े हैं। इस दौरान उनकी बेस्ट बॉलिंग परफॉरमेंस 3/22 की रही है।
Kartik Tyagi 2.0: कार्तिक त्यागी के लिए आईपीएल 2026 का सीजन रहा है सबसे यादगार
कार्तिक त्यागी के लिए आईपीएल 2026 का सीजन सबसे यादगार साबित हुआ है। वह 2020 से लगातार आईपीएल खेल रहे हैं, लेकिन इससे पहले उनका सबसे अच्छा सीजन 2020 में राजस्थान रॉयल्स के लिए रहा था, जब उन्होंने 10 मैचों में 9 विकेट चटकाए थे।
हालाँकि, त्यागी के नाम आईपीएल के आखिरी ओवर में सबसे कम रन डिफेंड करने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने 2021 में दुबई में 186 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही पंजाब किंग्स के खिलाफ आखिरी ओवर में मात्र 4 रन डिफेंड कर लिए थे और सिर्फ 1 रन देकर 2 विकेट लेते हुए राजस्थान रॉयल्स को 2 रनों से करीबी जीत दिलाई थी।
वह आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स (2020-2021), सनराइजर्स हैदराबाद (2022-2023) और गुजरात टाइटंस (2024) जैसी अलग-अलग टीमों के लिए कुल मिलाकर 20 मुकाबले खेले थे, लेकिन सिर्फ 15 विकेट ही चटका सके थे। लेकिन आईपीएल 2026 में उन्होंने 13 ही मैचों में 18 विकेट अपने नाम कर लिए हैं, जो यह दिखाता है कि यह कार्तिक त्यागी का नया वर्जन (Kartik Tyagi 2.0) सामने आया है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







