Friday, February 13

2025 के इंग्लैंड दौरे पर खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट में इंडिया ए टीम ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 101 ओवरों में 5 विकेट खोकर 454 रन बना लिए हैं। इस दौरान करुण नायर ने दोहरा शतक लगाकर इस सीरीज में शानदार शुरुआत की है। उन्होंने 272 गेंदों में दोहरा शतक लगाया है और 203* रन बनाकर नाबाद हैं।

नायर पहले दिन खेल समाप्त होने तक 186* रन बनाकर नाबाद थे। दूसरे दिन का खेल शुरू होने पर इंडिया ए ने जल्द ही ध्रुव जुरेल का विकेट गंवा दिया, लेकिन इसके एक ओवर बाद ही करुण ने 101वें ओवर की अंतिम गेंद पर चौका लगाकर दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 26 चौके और एक छक्का भी लगाया।

यह मैच इंग्लैंड के कैंटरबरी स्थित सेंट लॉरेंस ग्राउंड में खेला जा रहा है, जहां इंग्लैंड लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया था।

इंडिया ए की शुरुआत रही धीमी, करुण ने संभाला मोर्चा

इस मुकाबले में इंडिया ए की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन सिर्फ 8 रन बनाकर जोश हल की गेंद पर LBW हो गए। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 24 रन बनाए, लेकिन वह भी एडी जैक की गेंद पर आउट हो गए। उस समय टीम का स्कोर 51 रन पर दो विकेट था। ऐसे हालात में करुण नायर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पहले संयम से शुरुआत की और फिर धीरे-धीरे रनगति बढ़ाई।

सरफराज और जुरेल के साथ करुण ने की अहम साझेदारियां

करुण नायर ने पहले सरफराज ख़ान के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 181 रनों की अहम साझेदारी की। सरफराज ने 119 गेंदों पर 92 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल थे। वह शतक से चूक गए, लेकिन उनका योगदान टीम को मज़बूत स्थिति में पहुंचाने में अहम रहा।

इसके बाद करुण ने विकेटकीपर बल्लेबाज़ ध्रुव जुरेल के साथ चौथे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी की। जुरेल ने 120 गेंदों में 94 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। ये दोनों साझेदारियां मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुईं।

निचले क्रम से भी योगदान, स्कोर 450 के पार

सरफराज और जुरेल के आउट होने के बाद नीतिश रेड्डी बल्लेबाज़ी के लिए आए लेकिन वह सिर्फ 7 रन बनाकर एडी जैक की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने आक्रामक रुख अपनाया और 5 गेंदों में 2 चौकों की मदद से नाबाद 8 रन बनाए। खबर लिखे जाने तक, इंडिया ए का स्कोर 101 ओवरों में 454/5 तक पहुंच चुका है और करुण नायर 203* रन बनाकर क्रीज़ पर डटे हैं।

इंग्लैंड ए के गेंदबाज़ों की मेहनत नाकाम

इंग्लैंड लायंस की ओर से जोश हल और एडी जैक ने 2-2 विकेट लिए जबकि अजीत डेल को 1 सफलता मिली। जोश हल ने 16.2 ओवर में 67 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं एडी जैक ने 19 ओवर में 66 रन देकर दो सफलताएं हासिल कीं। अजीत डेल ने 24 ओवर में 84 रन दिए और एक विकेट लिया।

अन्य गेंदबाज जैसे ज़मां अख्तर, रेहान अहमद और डैन मूसली एक भी विकेट नहीं ले पाए और खासे महंगे साबित हुए। रेहान अहमद ने 16 ओवर में 95 रन खर्च कर दिए।

करुण की पारी से चयनकर्ताओं को मजबूत संदेश

करुण नायर की यह पारी सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह एक स्पष्ट संकेत है कि वह इंग्लैंड दौरे पर मुख्य भारतीय टेस्ट टीम की शुरुआती प्लेइंग XI में जगह बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 2016 में तिहरा शतक जड़ने क बाद वह लंबे समय तक टीम से बाहर हो गए थे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें दोबारा टीम इंडिया में मौका मिला है।

अब अब इंडिया ए के इस दौरे में उन्होंने खुद को साबित भी कर दिया है कि वह लंबे फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। अगर वे इस फॉर्म को बरकरार रखते हैं, तो यह पारी उनके लिए टेस्ट क्रिकेट में दूसरी पारी की शुरुआत साबित हो सकती है।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version