IPL 2026 शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर केविन पीटरसन ने समय की कमी का हवाला देते हुए पद छोड़ दिया।
आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को बड़ा झटका लगा है। टीम के मेंटर केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने बताया कि वह इस जिम्मेदारी के लिए जरूरी समय नहीं दे पा रहे हैं।
पीटरसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के साथ मेंटर की भूमिका नहीं निभा पाएंगे।
केविन पीटरसन ने ट्वीट करके बताई पद छोड़ने की वजह
केविन पीटरसन ने अपने ट्वीट में लिखा, “मैं आईपीएल के इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए मेंटर नहीं बन सकता। मैं उस समय के लिए प्रतिबद्ध नहीं हो सकता जो इस काम के लिए जरूरी है। सभी खिलाड़ियों को इस सीजन के लिए शुभकामनाएं। हालांकि मैं आपको कॉमेंट्री बॉक्स में जरूर दिखाई दूंगा। आईपीएल दुनिया की सबसे बेहतरीन लीग है और मैं जल्द ही आप सभी से मिलने का इंतजार कर रहा हूं।”
पीटरसन के इस बयान के बाद साफ हो गया है कि वह IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के साथ नहीं रहेंगे, लेकिन टूर्नामेंट के दौरान कॉमेंट्री करते हुए जरूर नजर आएंगे।
पिछले सीजन में भी चर्चा में रहे थे पीटरसन
पिछले सीजन में भी केविन पीटरसन चर्चा में रहे थे। IPL के दौरान वह टीम के शुरुआती तीन मैचों के बाद एक हफ्ते की छुट्टी पर मालदीव चले गए थे।
जब वह वापस लौटे तो दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) ने मजाकिया अंदाज में इस बात को लेकर उन पर टिप्पणी भी की थी।
युवा खिलाड़ियों के साथ किया था काम
केविन पीटरसन ने पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़कर कई युवा खिलाड़ियों के साथ काम किया था। खासतौर पर आशुतोष शर्मा ने उनके मार्गदर्शन की काफी तारीफ की थी।
हालांकि, अब उनके पद छोड़ने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली कैपिटल्स IPL 2026 के लिए नया मेंटर नियुक्त करती है या बिना मेंटर के ही टूर्नामेंट में उतरती है।
जल्द शुरू होगा दिल्ली कैपिटल्स का अभियान
दिल्ली कैपिटल्स का IPL 2026 अभियान जल्द शुरू होने वाला है। टीम अपने पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना करेगी। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बिना मेंटर के दिल्ली कैपिटल्स IPL 2026 में कैसा प्रदर्शन करती है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

