Tuesday, February 17

IPL 2025 के अंतिम चरण में पहुंच चुकी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) अब हर मैच को ‘करो या मरो’ की तरह खेल रही है। खासकर तब जब उन्हें अपने घर ईडन गार्डन्स में लगातार झटके लगे हैं। इस सीज़न में कोलकाता का घरेलू रिकॉर्ड उतना प्रभावशाली नहीं रहा है। उन्होंने अपने पिछले पांच घरेलू मुकाबलों में तीन गंवाए हैं, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ा। अब कोलकाता को अपने अगले दो मैच यहीं खेलने हैं और वो भी दो ऐसी टीमों के खिलाफ जो पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं और वो दो टीमें हैं राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स।

दिल्ली के खिलाफ पिछले मुकाबले में सुनील नरेन की ऑलराउंड परफॉर्मेंस ने कोलकाता को जीत दिलाई थी और टीम का मनोबल बढ़ाया है। अब टीम उसी लय को ईडन गार्डन्स में दोहराने की कोशिश करेगी।

राजस्थान रॉयल्स के लिए यह सीजन उम्मीदों के उलट रहा है। कुछ मौकों पर उन्होंने शानदार क्रिकेट खेला, लेकिन कई करीबी मुकाबले दिल्ली और लखनऊ के खिलाफ हारकर वो बाहर हो गए। राहुल द्रविड़ की कोचिंग में पहला सीजन उनके लिए कठिन रहा है। हालांकि, 14 वर्षीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी की सेंचुरी जैसी कुछ झलकियों ने भविष्य के लिए उम्मीद जगाई है। अब राजस्थान के पास प्लेऑफ की होड़ में शामिल टीमों का खेल बिगाड़ने का मौका है और कोलकाता के खिलाफ वे इसी इरादे से उतरेंगे।

कब और कहां होगा मुकाबला?

कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम राजस्थान रॉयल्स (KKR vs RR) का यह मुकाबला 4 मई को दोपहर 3:30 बजे कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा।

पिच और मौसम का हाल

ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाज़ों के लिए मुफीद रही है। इस मैदान पर 200 रन का स्कोर अब सामान्य हो गया है, खासकर दोपहर के मुकाबलों में। इस सीजन के एकमात्र दोपहर मैच में 500 से ज़्यादा रन बने थे। हल्के बादल रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है। ऐसे में एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।

KKR vs RR हेड टू हेड रिकॉर्ड

कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक कुल 29 मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें कोलकाता ने 15 और राजस्थान ने 14 मुकाबले जीते हैं। इस सीज़न की पिछली भिड़ंत में कोलकाता ने गुवाहाटी में राजस्थान को करारी शिकस्त दी थी। हालांकि पिछले साल ईडन गार्डन्स में जोस बटलर की सेंचुरी की बदौलत राजस्थान ने एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी।

KKR vs RR: टीम समाचार और रणनीति

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

टीम को फिलहाल किसी नई चोट की चिंता नहीं है। दिल्ली के खिलाफ मिली जीत के बाद कोलकाता अपनी प्लेइंग इलेवन में ज़्यादा बदलाव नहीं करना चाहेगी। बल्लेबाज़ी क्रम में रहमानुल्ला गुरबाज़ और सुनील नरेन की जोड़ी पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत देने में सक्षम रही है। खासतौर पर गुरबाज़ ने राजस्थान के पेसर और स्पिनर दोनों को निशाना बनाया है। उन्होंने महेश तीक्षणा के खिलाफ 44 गेंदों पर 75 रन बनाए हैं, जबकि नरेन को तीक्षणा ने महज़ 8 गेंदों में दो बार आउट किया है।

वहीं गेंदबाज़ी में वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन पर फिर से अहम जिम्मेदारी होगी। पिछले मैच में हरषित राणा और वैभव अरोड़ा ने अच्छी लेंथ पर गेंदबाज़ी कर दिल्ली के बल्लेबाज़ों को परेशान किया था।

संभावित प्लेइंग इलेवन: सुनील नरेन, रहमानुल्ला गुरबाज़ (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रोवमैन पॉवेल, अनुकूल रॉय, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती

राजस्थान रॉयल्स (RR)

राजस्थान पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, ऐसे में टीम अपनी बेंच स्ट्रेंथ को मौका दे सकती है। संजू सैमसन फिटनेस के करीब हैं लेकिन उन्हें जोखिम में डालने की संभावना कम है। वहीं तेज़ गेंदबाज़ संदीप शर्मा चोट की वजह से सीज़न से बाहर हो चुके हैं।

राजस्थान की ताकत पॉवरप्ले में रही है, जहां उनका रनरेट 10.75 है और टीम ने सबसे ज़्यादा 47 छक्के लगाए हैं, लेकिन मैच फिनिश करने में टीम की कमजोरी साफ नज़र आई है। इस मुकाबले में सबकी निगाहें युवा वैभव सूर्यवंशी पर होंगी, जिन्होंने पिछले मैच में सेंचुरी जड़ी थी। गेंदबाज़ी में जोफ्रा आर्चर और फज़लहक फारूकी से टीम को शुरुआत में विकेट की उम्मीद होगी।

संभावित प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, नीतिश राणा, रियान पराग (कप्तान), शिवम दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्षणा, फज़लहक फारूकी, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल।

क्या आप जानते हैं?

ईडन गार्डन्स के पिछले 24 IPL मैचों में डिफेंड और चेज करने वाली टीमों ने बराबरी से 12-12 मुकाबले जीते हैं। वहीं दोपहर के समय खेले गए पिछले 8 मैचों में से 6 बार चेज करने वाली टीम को जीत मिली है।

कोलकाता ने पिछले सीजन में अपने 7 में से 5 घरेलू मुकाबले जीते थे, लेकिन इस साल टीम अब तक 5 में से 3 मुकाबले गंवा चुकी है।

राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन पावरप्ले में सबसे तेज़ रन बनाए हैं, उनका रनरेट 10.75 है और बाउंड्री प्रतिशत 28.96 प्रतिशत रहा है।

KKR vs RR मुकाबले में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

कोलकाता के लिए एक बार फिर सुनील नरेन का प्रदर्शन अहम रहेगा। वहीं रहाणे और रसेल जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी टीम को लय दिला सकते हैं। राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी देखने लायक रहेगी, जबकि जोफ्रा आर्चर की गेंदबाज़ी कोलकाता के आक्रामक बल्लेबाज़ों के खिलाफ बड़ी भूमिका निभा सकती है।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version