KL राहुल और अक्षर पटेल की बेहतरीन पारियों के चलते दिल्ली कैपिटल्स ने 203 रन बनाए।

IPL 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए। इस मुकाबले से पहले दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी थीं, लेकिन इसके बावजूद मुकाबले में बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाया।

ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन दिल्ली के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही तेजी से रन बनाए। KL राहुल, अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने अहम पारियां खेलीं और मेजबान टीम के सामने 204 रनों का ठीक-ठाक लक्ष्य रखा।

पॉवरप्ले में दिल्ली ने की तेज शुरुआत

दिल्ली कैपिटल्स को अभिषेक पोरेल और KL राहुल ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। पोरेल 18 गेंदों में 22 रन बनाकर सौरभ दुबे का शिकार बने।

इसके बाद KL राहुल ने साहिल पारख के साथ तेजी से रन बटोरे। राहुल ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और पूरे मैच में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की।

KL राहुल ने खेली 60 रनों की विस्फोटक पारी

KL राहुल ने 30 गेंदों में 60 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। हालांकि, 13वें ओवर में अनुकूल रॉय ने उन्हें आउट कर दिल्ली को बड़ा झटका दिया।

दूसरी ओर, साहिल पारख ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि कप्तान अक्षर पटेल ने 25 गेंदों में 39 रनों की तेज पारी खेली। अक्षर ने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए।

आखिरी ओवरों में मिलर और आशुतोष ने बढ़ाई रफ्तार

डेविड मिलर ने भी डेथ ओवरों में तेजी से रन बनाए। उन्होंने 19 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 छक्के शामिल रहे। वहीं आशुतोष शर्मा 11 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद लौटे। दिल्ली ने आखिरी 5 ओवरों में 63 रन जोड़े और स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। उन्होंने 20 ओवरों में 203/5 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

KKR के गेंदबाजों ने किया मिला-जुला प्रदर्शन

कोलकाता की ओर से सौरभ दुबे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवरों में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती, सुनील नारायण और अनुकूल रॉय को 1-1 विकेट मिला। हालांकि, इस सीजन कोलकाता के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले कार्तिक त्यागी काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवरों में 55 रन लुटाए।

अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि कोलकाता नाइट राइडर्स 204 रनों का टारगेट चेज करके अंक तालिका में छठे स्थान पर रहते हुए आईपीएल 2026 का सीजन समाप्त कर पाती है या नहीं! यदि वह ऐसा करने में सफल रहते हैं, तो भी यह उनका एक शानदार कमबैक माना जाएगा, क्योंकि उन्होंने लगातार पांच हार और एक नो रिजल्ट के साथ सीजन की शुरुआत की थी।

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version