क्रोएशिया के कोनोर केरॉल ने डेब्यू के छह दिनों में T20I क्रिकेट में इतिहास रच दिया।
क्रोएशिया के 23 वर्षीय युवा बल्लेबाज कोनोर केरॉल (Conor Keroll) ने पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिया है, जिसे दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाज भी नहीं कर सके। उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत लगातार चार 50+ स्कोर के साथ की और इसी दौरान दो बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।
सिर्फ 7 दिन पहले टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले केरॉल ने लगातार चार मैचों में 71, 150*, 74 और 95 रनों की पारियां खेली। उनकी इन पारियों ने उन्हें पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का नया रिकॉर्ड होल्डर बना दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने तीन दिन के अंदर रनों से जुड़े दो अलग-अलग वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़े।
कोनोर केरॉल ने लगातार चार पारियों में बना डाले 390 रन
कोनोर केरॉल ने 17 मई 2026 को फ्रांस के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और अपने पहले ही मैच में उन्होंने 34 गेंदों पर 71 रनों की शानदार पारी खेली। इसके बाद 19 मई को स्विट्जरलैंड के खिलाफ उन्होंने 72 गेंदों पर नाबाद 150* रन ठोक दिए।
फिर केरॉल ने 20 मई को जर्सी के खिलाफ 31 गेंदों पर 74 रन और फिर 22 मई को साइप्रस के खिलाफ 57 गेंदों पर 95 रनों की पारी खेली। इस तरह केरॉल ने अपने पहले चार T20I मैचों में कुल 390 रन बना डाले। इस दौरान उनका औसत 130.0 और स्ट्राइक रेट 201.03 का रहा।
केरॉल ने तीन दिन में तोड़े दो वर्ल्ड रिकॉर्ड
कोनोर केरॉल ने 20 मई को सबसे पहले लगातार तीन T20I पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने शुरुआती 71, 150* और 74 रनों की पारियों के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।
इसके बाद 22 मई को साइप्रस के खिलाफ 95 रन बनाते ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल करियर की शुरुआती चार पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने फ्रांस के बल्लेबाज गुस्ताव मैकिओन के 373 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
लगातार चार 50+ स्कोर के साथ करियर शुरू करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने केरॉल
कोनोर केरॉल अब पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार चार 50+ स्कोर के साथ करियर शुरू करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कमाल सिर्फ फ्रांस के गुस्ताव मैकिओन ने किया था।
वहीं, पुरुष T20I क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के नाम है, जिन्होंने लगातार पांच मैचों में 50 से ज्यादा रन बनाए थे। हालांकि, केरॉल अपने पांचवें टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में ऑस्ट्रिया के खिलाफ मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए, इसीलिए वह इस रिकॉर्ड को बराबर करने या तोड़ने से चूक गए।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







