क्रुणाल पांड्या की शानदार पारी और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी ने RCB को IPL 2026 पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर पहुंचा दिया।

आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हरा दिया। रायपुर में खेले गए इस मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 166/7 का स्कोर बनाया था, जिसे RCB ने आखिरी गेंद पर 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

एक समय RCB ने सिर्फ 39 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे और टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। लेकिन इसके बाद क्रुणाल पांड्या ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का पूरा रुख बदल दिया।

भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआती ओवरों में तोड़ी मुंबई की कमर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में रयान रिकल्टन को आउट किया और फिर रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेज दिया।

मुंबई ने सिर्फ 28 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि इसके बाद तिलक वर्मा और नमन धीर ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 82 रन जोड़े और टीम को मैच में वापस लाया।

नमन धीर ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 42 गेंदों में 57 रन की अहम पारी खेली। अंत में मुंबई इंडियंस 20 ओवरों में 166/7 तक पहुंच सकी।

RCB की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। उनके अलावा जोश हेजलवुड, रोमारियो शेफर्ड और रसिख सलाम को 1-1 विकेट मिला।

विराट कोहली फिर फ्लॉप, RCB की खराब शुरुआत

167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत भी खराब रही। विराट कोहली पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि देवदत्त पडिक्कल और रजत पाटीदार भी ज्यादा देर नहीं टिक सके।

पॉवरप्ले में ही टीम ने 47 रनों पर 3 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे समय में जैकब बेथेल और क्रुणाल पांड्या ने पारी को संभाला। बेथेल ने 27 गेंदों पर 27 रन बनाए, लेकिन दूसरी तरफ क्रुणाल लगातार आक्रामक बल्लेबाजी करते रहे।

क्रुणाल पांड्या ने अकेले पलटा मैच

RCB की जीत के सबसे बड़े हीरो क्रुणाल पांड्या रहे। उन्होंने 46 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। जब टीम लगातार विकेट गंवा रही थी, तब क्रुणाल एक छोर संभालकर खड़े रहे। उन्होंने जितेश शर्मा के साथ अहम साझेदारी की। जितेश ने भी 12 गेंदों में 18 रन बनाकर अच्छा योगदान दिया।

हालांकि, 18वें ओवर में क्रुणाल के आउट होते ही मैच फिर फंस गया। आखिरी ओवर में RCB को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। मुंबई की ओर से राज बावा गेंदबाजी करने आए और शुरुआत में वाइड और नो बॉल के चलते अतिरिक्त रन दे दिए।

इसके बाद उन्होंने रोमारियो शेफर्ड को आउट किया, फिर आरसीबी को जीत के लिए 3 गेंदों में 10 रन चाहिए थे। लेकिन बावा ने फिर एक वाइड गेंद फेंकी और उसकी अगली गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने छक्का लगा दिया, फिर अगली गेंद पर उन्होंने सिंगल ले लिया।

हालांकि, अंतिम गेंद पर मुंबई के पास मैच को टाई करने का मौका था। रसिख सलाम डार ने अंतिम गेंद तेजी से सीधे खेली, जिसे बावा पकड़ सकते थे, लेकिन वह गेंद उनके हाथ से छिटक गई और भुवनेश्वर और रसिख ने डबल लेकर टीम को जीत दिलाई।

पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर पहुंची RCB, मुंबई इंडियंस हुई बाहर

इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अब 11 मैचों में 14 अंक हो गए हैं। शानदार नेट रन रेट (+1.103) की वजह से RCB अब पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने लगातार दबाव वाले मुकाबले जीतकर खुद को प्लेऑफ की सबसे मजबूत दावेदार टीमों में शामिल कर लिया है।

दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस के लिए यह हार सीजन खत्म करने वाली साबित हुई। मुंबई की टीम अब 11 मैचों में सिर्फ 3 जीत और 6 अंकों के साथ नौवें स्थान पर है। अब वह अधिकतम 12 अंकों तक ही पहुंच सकती है, इसलिए टीम आधिकारिक रूप से IPL 2026 प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है।

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version