Thursday, June 18

युजवेंद्र चहल एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो है। वायरल क्लिप में दावा किया जा रहा है कि चहल फ्लाइट के अंदर ई-सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उस समय का है जब पंजाब किंग्स की टीम से दूसरे शहर यात्रा कर रही थी।

वीडियो में चहल बैकग्राउंड में रिकॉर्ड हो गए थे। जैसे ही टीम मैनेजमेंट को इस बात का एहसास हुआ, पंजाब किंग्स ने तुरंत उस वीडियो को  एडिट कर दिया है। हालांकि तब तक कई यूजर्स वीडियो डाउनलोड कर चुके थे और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब इस मामले को लेकर चहल को जमकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

धूम्रपान या ई-सिगरेट का फ्लाइट में इस्तेमाल करना नियम के विरुद्ध

फ्लाइट के अंदर धूम्रपान या ई-सिगरेट का इस्तेमाल करना पूरी तरह प्रतिबंधित होता है और इसे गंभीर नियम उल्लंघन माना जाता है। विमान में वेप या इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का इस्तेमाल आग जैसी खतरनाक स्थिति पैदा कर सकता है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। ऐसे में युजवेंद्र चहल जैसे अनुभवी खिलाड़ी से इस तरह की लापरवाही की उम्मीद कम ही की जाती है।

वीडियो सामने आने के बाद अब इस मामले को लेकर DGCA नियमों के उल्लंघन पर भी सवाल उठने लगे हैं। यदि इस घटना को लेकर आधिकारिक शिकायत दर्ज होती है, तो चहल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है। इतना ही नहीं, उन्हें नो-फ्लाई लिस्ट में डालने जैसी सख्त कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है।

कुछ दिन पहले ही RR के कप्तान पर वेप कांड के आरोप में लगा था भारी जुर्माना

युजवेंद्र चहल ई-सिगरेट विवाद में अकेले नहीं हैं। इससे पहले रियान पराग भी इसी तरह के मामले को लेकर सुर्खियों में आ चुके हैं। एक मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें पराग ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए थे। उस समय इसे उनकी निजी पसंद बताकर मामला शांत करने की कोशिश की गई थी, लेकिन खेल के मैदान और ड्रेसिंग रूम जैसी प्रोफेशनल जगहों पर ऐसी गतिविधियों को लेकर काफी आलोचना हुई थी।

कई लोगों का मानना था कि इस तरह के वीडियो युवाओं के बीच गलत संदेश पहुंचाते हैं। अब पराग के बाद चहल का नाम भी इस विवाद से जुड़ने के बाद यह मामला BCCI के लिए चिंता का विषय बन गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रियान पराग पर उस मामले में बीसीसीआई ने मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया था।

बीसीसीआई इनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है

आईपीएल 2026 के दौरान सामने आए इन वीडियो ने खिलाड़ियों की फिटनेस, अनुशासन और प्रोफेशनल व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है। करोड़ों युवाओं के रोल मॉडल माने जाने वाले खिलाड़ियों से बेहतर जिम्मेदारी की उम्मीद की जाती है, खासकर फ्लाइट जैसे संवेदनशील स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों को लेकर फैंस काफी नाराज नजर आ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, BCCI इस मामले में युजवेंद्र चहल और रियान पराग से जवाब मांग सकता है। सोशल मीडिया पर भी फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और उनका कहना है कि आईपीएल की चमक-दमक के बीच खिलाड़ियों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी और सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें

Share.

मैं हिंदी कंटेंट राइटर, SEO एक्सपर्ट और डिजिटल मीडिया स्पेशलिस्ट हूं। मुझे फीचर राइटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट प्रोडक्शन में काफी दिलचस्पी है। मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हिमाचल प्रदेश से एम.ए. इन जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया की पढ़ाई की है। अपने करियर की शुरुआत सिद्धिविनायक टाइम्स में जूनियर हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में की और वर्तमान में ABC वर्ल्ड मीडिया में स्पोर्ट्स और गेमिंग कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Leave A Reply

Exit mobile version