Thursday, June 11

मोहम्मद शमी ने सेलेक्शन को लेकर साफ कहा कि उनका फोकस सिर्फ मेहनत और प्रदर्शन पर है।

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने अब अपनी चुप्पी तोड़ी है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेल रहे शमी ने सेलेक्शन को लेकर चल रही बहस के बीच एक सीधा और सादा बयान दिया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया।

ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच से पहले शमी ने साफ कर दिया कि वह किसी भी बाहरी चीज पर ध्यान नहीं देते। उनका फोकस सिर्फ गेंदबाजी और मेहनत पर है, चाहे टीम इंडिया में जगह मिले या नहीं।

“हम मजदूर आदमी हैं” – शमी ने सेलेक्शन को लेकर बड़ा बयान

मोहम्मद शमी ने सेलेक्शन और प्रदर्शन को लेकर चल रही चर्चा के बीच अपनी सोच बिल्कुल साफ शब्दों में रखी। उन्होंने बताया कि वह किसी दबाव में नहीं हैं और सिर्फ अपने काम पर ध्यान देते हैं।

उन्होंने कहा, “हम मजदूर आदमी हैं, हमें बस गेंद डालनी है। जिंदगी में उतार चढ़ाव आते रहते हैं, चोट भी लगती है, लेकिन आपको अपनी मेहनत कभी नहीं भूलनी चाहिए।”

शमी ने आगे कहा, “अगर आप ज्यादा फैंसी चीजों के पीछे भागते हैं, तो वही आपकी कमजोरी बन जाती है। आजकल हर कोई सोशल मीडिया के पीछे भाग रहा है, लेकिन आपको अपने काम पर ध्यान देना चाहिए।”

अनुभवी तेज गेंदबाज ने अपनी बात बढ़ाते हुए कहा, “मैं किसान परिवार से आता हूं और मैंने अपने रूट्स नहीं छोड़े हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर मेरे अंदर अभी भी वही भूख है। अगर आपको उस लेवल पर खेलना है, तो आपके अंदर वो ड्राइव होना चाहिए।”

ईडन गार्डन्स में खेलने को लेकर क्या बोले शमी

कोलकाता के खिलाफ मुकाबले से पहले शमी ने अपने घरेलू क्रिकेट के होम ग्राउंड को लेकर भी विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि इस मैदान का अनुभव उन्हें बढ़त दिला सकता है।

उन्होंने कहा, “जब आप यहां (ईडन गार्डन्स में) खेलते हैं, तो आपको पिच और कंडीशन की अच्छी समझ होती है, क्योंकि आपने यहां काफी समय बिताया होता है। अगर मैं KKR (कोलकाता नाइट राइडर्स) के खिलाफ यहां खेलता हूं, तो मुझे लोकल होने का फायदा जरूर मिलेगा।”

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं मोहम्मद शमी

आईपीएल 2026 में मोहम्मद शमी का प्रदर्शन लगातार मजबूत नजर आया है और उन्होंने अपनी टीम के लिए अब तक मैच विनिंग गेंदबाजी की है।

उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में 4 ओवरों में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए थे। इस स्पेल में उन्होंने 18 डॉट बॉल डालीं, जो टी20 क्रिकेट में उनके कंट्रोल और सटीक लाइन लेंथ को दिखाता है।

चोट से वापसी करने के बाद शमी ने घरेलू क्रिकेट में भी दिखाया दम

चोट के बाद वापसी करते हुए शमी ने घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया और अपनी फिटनेस साबित की। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में 16.72 की औसत से कुल 37 विकेट लिए थे। इस दौरान उनहोनर एक मैच में 8 विकेट लेकर उन्होंने बंगाल को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

“बंगाल मेरी कर्मभूमि है” – मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी ने अपने क्रिकेट सफर में बंगाल की भूमिका को खास बताया और इसे अपनी कर्मभूमि कहा।

उन्होंने कहा, “भले ही मेरा जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ है, लेकिन बंगाल मेरी कर्मभूमि है। मेरे लिए घरेलू क्रिकेट किसी भी फॉर्मेट से कम नहीं है और मैं हमेशा इसे प्राथमिकता देता हूं।”

शमी ने अंत में कहा, “जब तक मेरे अंदर खेलने की ताकत और जुनून है, मैं बंगाल के लिए खेलता रहूंगा।”

मोहम्मद शमी का यह बयान साफ दिखाता है कि वह अपने गेम को लेकर पूरी तरह क्लियर हैं और किसी भी तरह के दबाव में नहीं आते। आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन यह संकेत देता है कि अगर यही लय बनी रही, तो टीम इंडिया में उनकी वापसी तय मानी जा सकती है।

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version