Thursday, June 11

आईपीएल में डॉट बॉल डालने वाले गेंदबाज अक्सर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

टी20 क्रिकेट में जहां बल्लेबाज हर गेंद पर रन बनाने की कोशिश करते हैं, वहीं गेंदबाजों के लिए डॉट बॉल फेंकना किसी विकेट से कम नहीं माना जाता। लगातार डॉट गेंदें बल्लेबाज पर दबाव बनाती हैं और उसे जोखिम भरे शॉट खेलने के लिए मजबूर कर देती हैं। यही वजह है कि आईपीएल में सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में ऐसे खिलाड़ियों का नाम शामिल है, जिन्होंने लंबे समय तक बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

आईपीएल 2026 के बाद भी सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकने का रिकॉर्ड भुवनेश्वर कुमार के नाम दर्ज है। वहीं सुनील नरेन, रविचंद्रन अश्विन और जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज भी इस सूची में शामिल हैं। खास बात यह है कि टॉप 5 में भारतीय स्पिनरों और तेज गेंदबाजों का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता है। आइए जानते हैं आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकने वाले टॉप 5 गेंदबाज कौन हैं।

ये हैं आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकने वाले टॉप 5 गेंदबाज

5. रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) – 1391 डॉट बॉल

रविंद्र जडेजा आईपीएल के सबसे किफायती स्पिन गेंदबाजों में से एक रहे हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 4254 गेंदें फेंकी हैं, जिसमें 1391 गेंदें डॉट रही हैं। बीच के ओवरों में उनकी सटीक लाइन और लेंथ बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल कर देती है।

जडेजा ने आईपीएल में 237 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 180 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा, टूर्नामेंट के इतिहास में उनकी इकोनॉमी 7.70 की रही है, जो उनकी लगातार प्रभावी गेंदबाजी को दर्शाती है।

4. जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) – 1531 डॉट बॉल

जसप्रीत बुमराह आईपीएल के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 3631 गेंदें फेंकी हैं, जिसमें 1531 गेंदें डॉट रही हैं।

बुमराह ने अब तक 158 पारियों में 7.33 की इकोनॉमी से रन खर्च करते हुए 187 विकेट लिए हैं। पॉवरप्ले और डेथ ओवरों में उनकी सटीक यॉर्कर और दबाव में गेंदबाजी करने की क्षमता उन्हें लीग के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल करती है।

3. रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) – 1663 डॉट बॉल

रविचंद्रन अश्विन आईपीएल के सबसे अनुभवी स्पिन गेंदबाजों में से एक रहे हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 4710 गेंदें फेंकी हैं, जिसमें 1663 गेंदें डॉट रही हैं। इसके अलावा, टूर्नामेंट के इतिहास में उनकी इकोनॉमी भी 7.20 की रही है।

अश्विन ने आईपीएल में 217 पारियों में 187 विकेट हासिल किए। वह अब क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन अपने करियर के दौरान पावरप्ले और मिडिल ओवर्स में उनकी रणनीतिक गेंदबाजी टीम के लिए काफी उपयोगी रही।

2. सुनील नरेन (Sunil Narine) – 1857 डॉट बॉल

सुनील नरेन आईपीएल इतिहास के सबसे किफायती और प्रभावी स्पिनरों में से एक हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 4651 गेंदें फेंकी हैं, जिसमें 1857 गेंदें डॉट रही हैं।

नरेन ने आईपीएल की 200 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 207 विकेट हासिल किए हैं। खासकर पावरप्ले और मिडिल ओवर्स में उनकी कसी हुई गेंदबाजी बल्लेबाजों के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रही है। यही कारण है कि आईपीएल में उनकी इकोनॉमी सिर्फ 6.78 की रही है।

1. भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) – 2004 डॉट बॉल

आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकने का रिकॉर्ड भुवनेश्वर कुमार के नाम दर्ज है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में अब तक कुल 4600 गेंदें फेंकी हैं, जिसमें 2004 गेंदें डॉट रही हैं।

भुवनेश्वर ने आईपीएल में 206 पारियों में 7.71 की इकोनॉमी से रन खर्च करते हुए 226 विकेट हासिल किए हैं और वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज भी हैं। नई गेंद के साथ स्विंग कराने और डेथ ओवरों में सटीक गेंदबाजी करने की उनकी क्षमता ने उन्हें लीग के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल किया है।

(Note: यहाँ दिए गए आंकड़े आईपीएल 2026 का फाइनल समाप्त होने तक अपडेटेड हैं।)

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version