Thursday, June 11

मुकुल चौधरी ने खुलासा किया कि उनकी पावर हिटिंग के पीछे रोज 100-150 छक्कों की प्रैक्टिस और एमएस धोनी से मिली प्रेरणा है।

आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ नेल-बिटिंग मैच जिताने के बाद मुकुल चौधरी अचानक चर्चा का बड़ा नाम बन गए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के इस युवा बल्लेबाज ने दबाव में शानदार पारी खेलकर न सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि अपनी सोच और तैयारी से भी सभी को प्रभावित किया।

ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 27 गेंदों में 7 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 54* रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया और अपनी टीम को जीत दिला दी। लेकिन इस पारी के बाद उनका बयान और भी ज्यादा चर्चा में है, जिसमें उन्होंने अपनी तैयारी और प्रेरणा के बारे में खुलकर बात की।

“मैं रोज 100-150 छक्के मारने की प्रैक्टिस करता हूं” – मुकुल चौधरी

मुकुल चौधरी ने अपनी पावर हिटिंग के पीछे की मेहनत को साफ शब्दों में बताया। उन्होंने कहा कि यह सब अचानक नहीं हुआ, बल्कि इसके लिए उन्होंने लगातार अभ्यास किया है।

उन्होंने कहा, “मेरा शरीर थोड़ा पावरफुल है और यह मुझे नेचुरली मिला है। लेकिन मैं रोज 100-150 छक्के मारने की प्रैक्टिस करता हूं, जिससे बैट स्पीड डेवलप होती है। पिछले 5-6 महीनों से मैं लगातार इस पर काम कर रहा हूं और अब यह मेरे गेम में दिख रहा है।”

धोनी से मिली प्रेरणा, हेलीकॉप्टर शॉट पर भी खुलकर बोले मुकुल

मुकुल चौधरी ने यह भी बताया कि वह बचपन से एमएस धोनी को फॉलो करते रहे हैं और उनके खेल से काफी प्रभावित हैं। खासकर उनका हेलीकॉप्टर शॉट मुकुल को बेहद पसंद है।

उन्होंने कहा, “मैंने यह (हेलीकॉप्टर) शॉट बचपन से प्रैक्टिस किया है। मुझे हमेशा यह पसंद था कि धोनी कैसे मैच फिनिश करते थे। वह यॉर्कर गेंद पर भी छक्का मार देते थे। अगर आप ऐसी गेंद पर छक्का मारते हैं तो गेंदबाज भी सोचने पर मजबूर हो जाता है।”

मुश्किल हालात में खेली मैच विनिंग पारी

इस मुकाबले में जब लखनऊ को आखिरी 24 गेंदों में 54 रन चाहिए थे और टीम के 7 विकेट गिर चुके थे, तब जीत लगभग नामुमकिन लग रही थी। लेकिन मुकुल ने शुरुआत में थोड़ा समय लिया और पहली 5 गेंदों पर सिर्फ 1 रन बनाया।

इसके बाद उन्होंने गियर बदला और अगली 22 गेंदों में 53 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 7 छक्के शामिल थे, जिसने मैच का पूरा मोमेंटम बदल दिया और LSG को जीत की दहलीज पार करा दी।

Mukul Chaudhary IPL 2026 KKR vs LSG
Mukul Chaudhary, KKR vs LSG, IPL 2026

कोच जस्टिन लैंगर ने भी जताया भरोसा

लखनऊ के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने पहले ही मुकुल चौधरी की तारीफ करते हुए कहा था कि वह उन्हें भारत का सबसे खतरनाक नंबर 6 या 7 बल्लेबाज बना सकते हैं। इस भरोसे पर मुकुल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और बताया कि कोच का विश्वास उनके लिए कितना अहम था।

उन्होंने कहा, “जब इतना बड़ा कोच आपके बारे में ऐसा कहता है तो इसका मतलब है कि उसने आपमें कुछ देखा है। उन्होंने मुझ पर भरोसा दिखाया और यह मेरा काम था कि मैं उस भरोसे को सही साबित करूं। वह हर दिन प्रैक्टिस में 10-15 मिनट मेरे साथ बिताते हैं और जो उन्होंने सिखाया, वही मेरे काम आया।”

घरेलू क्रिकेट से IPL तक बनाया नाम

मुकुल चौधरी ने इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में भी अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया था। उन्होंने दिल्ली के खिलाफ 26 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए थे, जिसमें 7 छक्के शामिल थे। इसके अलावा, उन्होंने इस पूरे टूर्नामेंट में 57.66 की औसत और 198.85 के शानदार स्ट्राइक से 173 रन बनाए थे।

मुकुल का यही प्रभावी प्रदर्शन आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में उनके लिए बड़ा मौका लेकर आया, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 2.60 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत में खरीदा।

भविष्य के लिए बड़ा संकेत दे गए मुकुल चौधरी

मुकुल चौधरी की यह पारी और उनका बयान दोनों यह दिखाते हैं कि वह सिर्फ एक टैलेंटेड खिलाड़ी नहीं, बल्कि मेहनती और स्पष्ट सोच रखने वाले क्रिकेटर हैं।

उन्होंने जिस तरह से दबाव में मैच खत्म किया और अपनी तैयारी के बारे में खुलकर बताया, उससे यह साफ है कि आने वाले समय में वह आईपीएल और भारतीय क्रिकेट में बड़ा नाम बन सकते हैं।

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version