न्यूजीलैंड टीम अगले हफ्ते से बांग्लादेश दौरे की शुरुआत करने जा रही है, जहां उसे मेजबान टीम के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है।

इस दौरे की वनडे सीरीज खास तौर पर दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसे 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के नजरिए से देखा जा रहा है। बांग्लादेश की कोशिश अपनी रैंकिंग बेहतर करने पर रहेगी, ताकि वह सीधे मेगा टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर सके। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस दौरे के लिए वनडे और टी20 दोनों सीरीज का स्क्वाड पहले ही घोषित कर दिया था, लेकिन अब उसमें एक बदलाव किया गया है।

बांग्लादेश दौरे से क्रिस्टियन क्लार्क हुए बाहर

बांग्लादेश के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने तेज गेंदबाज़ ऑलराउंडर क्रिस्टियन क्लार्क को टीम में शामिल किया था, लेकिन चोट के कारण उन्हें अब स्क्वाड से बाहर होना पड़ा है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते समय कैच पकड़ने की कोशिश में क्लार्क के दाहिने हाथ की उंगलियों के बीच की वेबिंग में चोट लग गई थी। इसी वजह से वह अब बांग्लादेश दौरे से बाहर हो गए हैं।

क्रिस्टियन क्लार्क की जगह टीम में शामिल होंगे बेन लिस्टर

क्रिस्टियन क्लार्क के बाहर होने के बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट ने तुरंत उनकी जगह रिप्लेसमेंट खिलाड़ी का ऐलान कर दिया है, जिसमें बेन लिस्टर को टीम में शामिल किया गया है। अगर लिस्टर के इंटरनेशनल करियर की बात करें, तो उन्होंने अब तक न्यूजीलैंड के लिए 4 वनडे और 11 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच अप्रैल 2024 में रहा था।

न्यूजीलैंड टीम इस दौरे की शुरुआत 17 अप्रैल से तीन मैचों की वनडे सीरीज के साथ करेगी। सीरीज के पहले दो मुकाबले ढाका में खेले जाएंगे, जबकि तीसरा मैच चट्टोग्राम में होगा। इसके बाद 27 अप्रैल से दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी, जिसमें पहले दो मुकाबले चट्टोग्राम में होंगे और आखिरी मैच ढाका में आयोजित किया जाएगा।

Share.

मैं हिंदी कंटेंट राइटर, SEO एक्सपर्ट और डिजिटल मीडिया स्पेशलिस्ट हूं। मुझे फीचर राइटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट प्रोडक्शन में काफी दिलचस्पी है। मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हिमाचल प्रदेश से एम.ए. इन जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया की पढ़ाई की है। अपने करियर की शुरुआत सिद्धिविनायक टाइम्स में जूनियर हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में की और वर्तमान में ABC वर्ल्ड मीडिया में स्पोर्ट्स और गेमिंग कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Leave A Reply

Exit mobile version