Thursday, June 4

यानिक सिनर के बाद अब नोवाक जोकोविच को भी फ्रेंच ओपन 2026 में हार का सामना करना पड़ा है।

फ्रेंच ओपन 2026 में एक और बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) का 25वां खिताब जीतने का सपना फिर से टूट गया है, क्योंकि उन्हें तीसरे राउंड के मुकाबले में ब्राजील के युवा खिलाड़ी जोआओ फोन्सेका (Joao Fonseca) ने पांच सेटों के रोमांचक मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

बता दें कि, वर्ल्ड नंबर 2 कार्लोस अल्काराज पहले ही चोट के कारण फ्रेंच ओपन 2026 से बाहर हो चुके थे, जबकि वर्ल्ड नंबर 1 यानिक सिनर भी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। मौजूदा समय में पुरुष टेनिस के तीन सबसे बड़े सितारे नोवाक जोकोविच, यानिक सिनर और कार्लोस अल्काराज को “बिग थ्री” कहा जाता है। ऐसे में इन तीनों खिलाड़ियों का टूर्नामेंट से बाहर होना फ्रेंच ओपन 2026 की सबसे बड़ी खबरों में से एक माना जा रहा है।

जोआओ फोन्सेका ने नोवाक जोकोविच को हराकर फ्रेंच ओपन 2026 से किया बाहर

ब्राजील के 19 वर्षीय जोआओ फोन्सेका ने नोवाक जोकोविच को 4-6, 4-6, 6-3, 7-5, 7-5 से हराकर अपने करियर की सबसे यादगार जीत दर्ज की। करीब पांच घंटे तक चले इस मुकाबले में जोकोविच ने पहले दो सेट अपने नाम किए थे और इस मुकाबले में काफी आगे नजर आ रहे थे।

हालांकि, फोन्सेका ने तीसरे सेट में शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन सेट जीत लिए और जोकोविच के 25वें ग्रैंड स्लैम का सपना तोड़ दिया। खास बात यह रही कि वह लगातार दूसरे मैच में दो सेट पीछे रहने के बाद मुकाबला जीतने में सफल रहे। इस जीत के साथ उन्होंने पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।

जुआन मैनुअल सेरुंडोलो से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुए थे यानिक सिनर

इससे पहले वर्ल्ड नंबर 1 यानिक सिनर को भी फ्रेंच ओपन 2026 में बड़ा झटका लगा था। उन्हें अर्जेंटीना के जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने उन्हें पांच सेटों के मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

उस मैच में सिनर दो सेट की बढ़त बना चुके थे और जीत से सिर्फ एक गेम दूर थे, लेकिन पेरिस की तेज गर्मी के बीच उनकी तबीयत बिगड़ गई। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें चक्कर और मतली की शिकायत हुई, जिसके बाद मेडिकल सहायता लेनी पड़ी। इसके बाद वह मैच में वापसी नहीं कर सके और सेरुंडोलो ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

फिर अधूरा रह गया जोकोविच का 25वें ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना

नोवाक जोकोविच फ्रेंच ओपन 2026 में रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के इरादे से उतरे थे, लेकिन जोआओ फोन्सेका के खिलाफ मिली हार ने एक बार फिर उनका यह सपना तोड़ दिया। दूसरी तरफ यानिक सिनर की 30 मैचों की जीत का सिलसिला भी समाप्त हो गया, जबकि कार्लोस अल्काराज चोट के कारण टूर्नामेंट में हिस्सा ही नहीं ले सके।

अल्काराज और सिनर के बाहर होने के बाद जोकोविच के पास खिताब जीतने का सुनहरा मौका था, क्योंकि वह पिछले कई टूर्नामेंट में इन्हीं दो खिलाड़ियों से हारकर बाहर हुए थे। लेकिन अब जब पुरुष टेनिस के मौजूदा “बिग थ्री” फ्रेंच ओपन 2026 से बाहर हो चुके हैं, तो खिताब की रेस पूरी तरह खुल गई है और बाकी खिलाड़ियों के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।

टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version