29 मई को खेले जा रहे IPL 2025 के पहले क्वालिफायर मुकाबले में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने हैं। यह मुकाबला चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां का माहौल पूरी तरह से क्रिकेट के रंग में रंग चुका है। इस अहम मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है।
टॉस के बाद कप्तानों की राय
टॉस के वक्त रजत पाटीदार ने कहा कि पिच काफी सख़्त और घास से ढकी हुई लग रही है, इसलिए नई गेंद के साथ शुरुआती ओवरों में अधिक से अधिक फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने बताया कि टीम में एक बदलाव किया गया है, जोश हेज़लवुड को नुवान तुषारा की जगह प्लेइंग XI में जगह मिली है।
वहीं पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि अगर वे टॉस जीतते तो पहले गेंदबाज़ी ही चुनते, लेकिन इस मैदान पर पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीमों का रिकॉर्ड अच्छा रहा है, इसलिए वे सकारात्मक सोच के साथ बल्लेबाज़ी शुरू करेंगे। उन्होंने दर्शकों की ऊर्जा की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी टीम को अतिरिक्त हौसला देती है। अय्यर ने बताया कि उनकी टीम में भी एक बदलाव हुआ है, मार्को यांसिन की जगह अज़मतुल्लाह उमरज़ई को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।
मुल्लांपुर स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
दीप दासगुप्ता के मुताबिक इस पिच पर काफी घास मौजूद है, जिससे गेंदबाज़ों को कुछ मदद जरूर मिलेगी लेकिन साथ ही बल्लेबाज़ों के लिए भी यह पिच मुफीद साबित हो सकती है क्योंकि गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आएगी। सीधी बाउंड्री करीब 73 मीटर है जबकि स्क्वेयर बाउंड्री 62 और 65 मीटर की है, जिससे बड़े शॉट खेलने वाले बल्लेबाज़ों को फायदा मिल सकता है।
अब तक यहां खेले गए चार मैचों में से तीन बार पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीमों ने जीत हासिल की है, खासकर रात के मैचों में। यह मुकाबला भी रात में खेला जा रहा है, इसलिए पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम को मानसिक बढ़त मिल सकती है। हालांकि हवा में नमी के कारण ओस गिरने की संभावना है, जो दूसरी पारी में गेंदबाज़ों को मुश्किल में डाल सकती है।
क्वालिफायर 1 मुकाबले का महत्व
यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। हारने वाली टीम को क्वालिफायर 2के ज़रिए दूसरा मौका मिलेगा। ऐसे में दोनों टीमें अपनी पूरी ताक़त के साथ मैदान पर उतर रही हैं।
PBKS vs RCB: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
पंजाब किंग्स की प्लेइंग XI: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, अज़मतुल्लाह उमरज़ई, हरप्रीत बराड़, अर्शदीप सिंह, काइल जैमिसन।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: विजयकुमार विशक, प्रवीण दुबे, सूर्यांश शेडगे, मुशीर खान, जेवियर बार्टलेट।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग XI: विराट कोहली, फिल साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), लियम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हैजलवुड, सुयश शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: मयंक अग्रवाल, रसिख सलाम, मनोज भंडागे, टिम सैफर्ट, स्वप्निल सिंह।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







