IPL 2025, RCB vs DC: आईपीएल 2025 के 24वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। टीम की ओर से टिम डेविड ने अंत में आकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
शानदार शुरुआत, फिर लड़खड़ाई RCB की बल्लेबाज़ी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी आरसीबी ने तेज शुरुआत की। ओपनर फिल सॉल्ट ने महज 17 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। कोहली ने भी 14 गेंदों पर 22 रन बनाए। दोनों ने सिर्फ 19 गेंदों में 50 रन की ओपनिंग साझेदारी की। लेकिन उसके बाद आरसीबी की मिडल ऑर्डर बिखर गया और RCB ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। डेवदत्त पडिक्कल (1), लियाम लिविंगस्टोन (4), जितेश शर्मा (3) और कप्तान रजत पाटीदार (25) बड़ी पारी खेलने में असफल रहे।
टिम डेविड की विस्फोटक बल्लेबाजी

जब RCB का स्कोर 117/6 था, तब टिम डेविड ने आकर मैच का रुख बदला। उन्होंने 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 185.00 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए और आखिरी ओवरों में टीम को बूस्ट दिया। बता दें कि, अंतिम 5 ओवर में RCB ने 46 रन जोड़े।
दिल्ली की शानदार गेंदबाजी
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से विप्रज निगम और कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। विप्रज निगम ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 18 रन देकर 2 विकेट और कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं मिचेल स्टार्क (3 ओवर, 35 रन) और अक्षर पटेल (4 ओवर, 52 रन) काफी महंगे साबित हुए।
क्या दिल्ली कैपिटल्स की टीम हासिल कर पाएगी लक्ष्य?
RCB ने DC के सामने जीत के लिए 164 रनों का लक्ष्य रखा है। चिन्नास्वामी की पिच को देखते हुए लक्ष्य बहुत बड़ा नहीं है, लेकिन अगर बैंगलोर के गेंदबाज शुरुआती विकेट निकालते हैं, तो मुकाबला रोमांचक हो सकता है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







