आईपीएल 2026 अभी थोड़ा दूर ज़रूर है, लेकिन अभी से ही फ्रैंचाइज़ी ने तैयारी करना शुरू कर दी है। कुछ टीमें अपने प्लेयर्स के साथ प्रैक्टिस भी कर चुकी हैं। इस लीग की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पिछले दो सीजन अच्छे नहीं गए थे, जिसके चलते वह प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल नहीं हो पा रहे थे।
इस बार उन्होंने कई बड़े फैसले लिए और कुछ सीनियर प्लेयर्स को रिलीज किया और उनकी जगह युवा खिलाड़ियों पर इन्वेस्ट किया, लेकिन सीजन शुरू होने से पहले ही उन्हें झटका लग गया है। सीएसके ने जिस खिलाड़ी को 14.20 करोड़ में खरीदा था, वह चोटिल हो गया है। तो चलिए जानते हैं कौन है वह खिलाड़ी और कब तक वह पूरी तरह फिट हो सकता है।
सीएसके ने प्रशांत वीर को 14.20 करोड़ में खरीदा

आपको बता दें कि चेन्नई ने अपने सुपरस्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को ट्रेड करके संजू सैमसन को टीम में लिया था। उसके बाद उन्होंने कई और सीनियर प्लेयर्स को टीम से रिलीज किया था, जिसके चलते उन्होंने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया था।
सीएसके ने इस बार राजस्थान के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा और उत्तर प्रदेश के ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर दांव खेला है। दोनों खिलाड़ियों को ही चेन्नई की टीम ने 14.20 करोड़ में, कुल मिलाकर 28.40 करोड़ में खरीदा था।
झारखंड के खिलाफ मुकाबले में चोटिल हुए प्रशांत
आईपीएल शुरू होने से पहले ही चेन्नई की टीम को बड़ा झटका लगा है। उत्तर प्रदेश के स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर प्रशांत वीर रणजी के मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए हैं।
झारखंड के खिलाफ लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में वह चोटिल हुए हैं। दरअसल, झारखंड के बल्लेबाज शिखर मोहन के शॉट को मिड ऑफ में रोकने के प्रयास में उन्होंने डाइव लगाई, लेकिन वह अपना कंधा चोटिल कर बैठे।
फिट होने में प्रशांत को लगेगा 3 हफ्ते का समय
प्रशांत को तुरंत फिजियो ने देखा और उन्हें ग्राउंड से बाहर ले जाया गया। प्रशांत की चोट गंभीर लग रही है। मीडिया खबरों की मानें तो वीर को ग्रेड 2 शोल्डर इंजरी हुई है। उन्हें पूरी तरह फिट होने में कम से कम 3 हफ्ते का समय लग सकता है। उनके फरवरी के आखिरी हफ्ते तक फिट होने की संभावना है और आईपीएल में खेलने को लेकर अब तक कोई सस्पेंस नहीं है।
प्रशांत ने यूपी टी20 लीग और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तो अच्छा प्रदर्शन किया ही था। इसके साथ ही उन्होंने सीएसके के ट्रायल्स में भी शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके चलते चेन्नई ने उन्हें इतने महंगे प्राइस में खरीदा था।







