न्यूज़ीलैंड और इंडिया की टीम इस समय व्हाइट बॉल की सीरीज़ खेल रही हैं। कीवी टीम ने वनडे सीरीज़ में पहली बार भारत को उनके घर में हराकर इतिहास रच दिया है। हालाँकि छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया का दबदबा बरकरार है। पहले मैच में उन्होंने आसानी से जीत दर्ज की थी।
इंडिया और न्यूज़ीलैंड की टीम टी20 फॉर्मेट की दो सबसे बेहतरीन टीमें हैं। तो चलिए जानते हैं कि टी20 क्रिकेट में भारत और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ रनों के हिसाब से टॉप 5 सबसे बड़ी जीत कौन-सी हैं।
IND Vs NZ: टी20 क्रिकेट में रन के हिसाब से टॉप 5 सबसे बड़ी जीत
5. इंडिया (India) -53 रन

टीम इंडिया ने 2017 में दिल्ली में खेले गए मैच में शिखर धवन और रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाज़ी की थी। रोहित और धवन ने पहले विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी की थी, जिसकी बदौलत 202 रनों का स्कोर खड़ा किया था।
इस मुकाबले में भी न्यूज़ीलैंड की टीम कभी मुकाबले में नहीं थी। विलियमसन और टॉम लैथम ने कुछ रन ज़रूर बनाए, लेकिन वे सिर्फ हार का अंतर कम कर सकते थे। भारतीय टीम ने आसानी से यह मुकाबला 53 रनों से अपने नाम करके आशीष नेहरा को जीत के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट से विदाई दी थी।
4. इंडिया (India) – 65 रन

टीम इंडिया ने साल 2022 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद अपने खेलने के अंदाज़ में बदलाव लाया था। उन्होंने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मॉडर्न-डे ब्रांड की क्रिकेट खेलना शुरू की थी।
माउंट माउंगानुई में खेले गए मैच में इंडिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सूर्यकुमार यादव के शतक और ईशान किशन के 36 रनों की बदौलत 191 रन बनाए थे। न्यूज़ीलैंड की टीम ने चेज़ की शुरुआत ठीक की, लेकिन कॉनवे और विलियमसन केवल क्रीज़ पर टिके हुए थे और वे तेज़ी से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। विलियमसन ने अर्धशतक तो लगाया, लेकिन 7 बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके थे। इंडिया ने आसानी से यह मुकाबला 65 रनों से अपने नाम कर लिया था।
3. इंडिया (India) – 73 रन

टीम इंडिया ने साल 2021 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए रोहित शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए अर्धशतक लगाया था। ईशान ने भी उनका बखूबी साथ निभाया था, जिसके चलते स्लो पिच पर भारतीय टीम 184 रन बनाने में सफल हुई थी।
इसके जवाब में न्यूज़ीलैंड की टीम से ओपनर मार्टिन गुप्टिल ने तो पचासा लगाया, लेकिन बाकी कोई भी बल्लेबाज़ कुछ खास नहीं कर सका। कीवी टीम के 8 बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। जिसके चलते न्यूज़ीलैंड टीम मात्र 111 रन में ऑलआउट हो गई और भारतीय टीम ने 73 रनों से मैच जीत लिया।
2. न्यूज़ीलैंड (New Zealand) – 80 रन

भारत और न्यूज़ीलैंड के टी20 मुकाबलों में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत के मामले में दूसरे नंबर पर कीवी टीम है। साल 2019 में वेलिंग्टन में खेले गए मुकाबले में टीम सीफर्ट के ताबड़तोड़ 84 रनों की बदौलत 219 रन बनाए थे।
भारतीय टीम पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत बहुत खराब रही। टीम इंडिया इस मुकाबले में मात्र 139 रनों पर ऑलआउट हो गई थी और न्यूज़ीलैंड ने 80 रनों से मैच अपने नाम कर लिया था।
1. इंडिया (India) – 168 रन

इंडिया और न्यूज़ीलैंड के मुकाबलों में टी20 क्रिकेट में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत के मामले में टॉप पर इंडिया है। उन्होंने साल 2023 में अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में कीवी टीम को 168 रनों से हराया था।
टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए शुभमन गिल के शतक के चलते 234 रन बनाए थे। गिल ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए नाबाद 126 रन बनाए थे। इसके जवाब में न्यूज़ीलैंड की टीम हार्दिक पांड्या की धारदार गेंदबाज़ी के आगे मात्र 66 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।







