ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और आईपीएल में पंजाब किंग्स के मौजूदा हेड कोच रिकी पोंटिंग ने भारतीय तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह को इंग्लैंड दौरे की टेस्ट टीम में शुरुआती मैचों में मौका देने की बात कही है। पोंटिंग का मानना है कि इंग्लैंड की परिस्थितियां अर्शदीप की बॉलिंग स्टाइल के लिए फायदेमंद साबित होंगी और वह इस चुनौती को बखूबी निभा सकते हैं।
पोंटिंग को है अर्शदीप की काबिलियत पर पूरा भरोसा
रिकी पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू शो में कहा कि अर्शदीप न केवल प्रतिभाशाली हैं, बल्कि एक शानदार टीम प्लेयर भी हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही अर्शदीप के टेस्ट टीम में चुने जाने की घोषणा हुई थी, वैसे ही उन्होंने पूरी टीम के सामने उन्हें बधाई भी दी थी।
पोंटिंग ने कहा, “वह टीम के लिए बहुत पॉजिटिव व्यक्ति है। बहुत ही शांत और मिलनसार स्वभाव का है। जब भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान हुआ, तो मैंने टीम मीटिंग में सबसे पहले अर्शदीप को बधाई दी, क्योंकि यह पूरी तरह से उसके प्रदर्शन का ही नतीजा है।”
अर्शदीप बन सकते हैं इंग्लैंड की परिस्थितियों में तुरुप का इक्का
अर्शदीप को अब तक अधिकतर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ही देखा गया है, जहां उन्होंने सिर्फ 63 मैचों में 99 विकेट लिए हैं और भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। हालांकि, उन्होंने रेड-बॉल क्रिकेट में भी अपनी काबिलियत साबित की है। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक 21 मैचों में 66 विकेट झटके हैं।
पोंटिंग ने आगे कहा, “मैं चाहता हूं कि भारत उन्हें इंग्लैंड सीरीज़ की शुरुआत से ही प्लेइंग इलेवन में शामिल करे। वह बहुत स्किलफुल बॉलर हैं। इंग्लैंड में ड्यूक बॉल उनके लिए फायदेमंद होगी। साथ ही, बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ के तौर पर वह टीम को एक अलग एंगल प्रदान करेंगे। अगर उन्हें मौका नहीं दिया गया तो यह मेरे लिए हैरानी की बात होगी।”
काउंटी क्रिकेट का अनुभव भी आएगा अर्शदीप के काम
पिछले साल अर्शदीप सिंह ने काउंटी क्रिकेट में केंट की ओर से खेलते हुए 5 मुकाबलों में 13 विकेट लिए थे। उनकी बॉलिंग फिगर्स 3/58 रही थीं। पोंटिंग का मानना है कि यह अनुभव उन्हें इंग्लैंड में तेज़ गेंदबाज़ी करने के लिए मानसिक और तकनीकी तौर पर तैयार करेगा।
उन्होंने कहा, “वह लगभग 6 फीट 4 इंच लंबे हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त बाउंस मिलेगा। इंग्लैंड में गेंद 30-40 ओवर बाद भी स्विंग करती है, ऐसे में अर्शदीप जैसा गेंदबाज़ भारत के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।”
आईपीएल 2025 में भी दिखाया दम
आईपीएल 2025 के लीग चरण में अर्शदीप सिंह ने 18 विकेट चटकाकर पंजाब को टॉप पोजिशन दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। यह पंजाब की 2014 के बाद पहली बार प्लेऑफ में एंट्री है, और यह पोंटिंग की कोचिंग में उनका पहला सीज़न है।
पोंटिंग ने बताया कि उन्होंने इस सीज़न के लिए टीम के भीतर “डिफरेंट, डेरिंग और डायनामिक” जैसे तीन मूल सिद्धांत लागू किए हैं। उन्होंने कहा, “ये सिद्धांत सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नहीं बल्कि पूरी फ्रेंचाइज़ी के लिए थे। हमारी टीम में सिर्फ 25 खिलाड़ी नहीं, बल्कि 100 से ज्यादा लोग इस यात्रा का हिस्सा हैं। यही एकता हमें यहां तक लेकर आई है।”
बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार है पंजाब की टीम
IPL 2025के क्वालिफायर 1 मुकाबले में पंजाब का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा, जहां जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। पोंटिंग का मानना है कि पंजाब किंग्स की अब तक की जर्नी शानदार रही है, लेकिन असली मुकाबला अब शुरू होगा।
उन्होंने कहा, “लीग स्टेज खत्म हो गया है, अब असली चुनौती शुरू होगी। लेकिन जो टीम ने अब तक किया है, वो काबिले तारीफ है। मुझे खुशी है कि मैं इस टीम का हिस्सा हूं और आने वाले कुछ हफ्तों को लेकर उत्साहित हूं।”
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







