Thursday, June 18

IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान रियान पराग ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसकी मिसाल अब तक सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट या कुछ खास घरेलू टूर्नामेंटों में ही देखने को मिली है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ इडेन गार्डन्स में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में पराग ने लगातार छह गेंदों पर छह छक्के जड़ते हुए IPL के इतिहास में नया अध्याय लिख दिया। अब वह इस लीग में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

मुश्किल स्थिति में आए और रच डाला इतिहास

जब रियान पराग बल्लेबाज़ी के लिए मैदान में उतरे, तब राजस्थान की हालत काफी नाजुक थी। एक समय टीम ने महज़ 71 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए थे और जीत की उम्मीदें धुंधली हो चुकी थीं। लेकिन पराग ने न सिर्फ जिम्मेदारी संभाली, बल्कि ऐसा हमला बोला कि कोलकाता के गेंदबाज़ों की रणनीतियां एक-एक कर ध्वस्त हो गईं।

12वें और 13वें ओवर में रचा इतिहास

रियान पराग ने सबसे पहले 12वें ओवर में मोईन अली की गेंदबाज़ी पर अंतिम पांच गेंदों पर पांच लगातार छक्के जड़े। यह ओवर पहले हेटमायर के सिंगल से शुरू हुआ और फिर उसके बाद हर गेंद पर रियान के बल्ले से छक्का देख कोलकाता के दर्शक झूम उठे। फिर 13वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती की दूसरी गेंद पर रिवर्स स्वीप से छक्का लगाकर उन्होंने अपना नाम इतिहास में दर्ज करा लिया। यह IPL के किसी भी सीजन में पहली बार हुआ, जब किसी बल्लेबाज़ ने लगातार छह गेंदों पर छह छक्के लगाए।

रियान पराग ने इस तरह से लगाए लगातार छह छक्के

12.2: मोईन अली की गेंद पर स्क्वायर लेग के ऊपर से लंबा छक्का

12.3: लॉन्ग ऑन पर छक्का

12.4: डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का

12.5: लॉन्ग ऑन पर फ्लैट छक्का

12.6: लॉन्ग ऑफ की दिशा में छक्का

13.2: वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर रिवर्स स्वीप से बैकवर्ड पॉइंट के ऊपर छक्का

रियान पराग ने जगाई राजस्थान रॉयल्स की जीत की उम्मीद

रियान पराग की इस विस्फोटक पारी ने राजस्थान रॉयल्स को एक बार फिर मुकाबले में खड़ा कर दिया। खबर लिखे जाने तक, उन्होंने वह 41 गेंदों में 6 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 92 रन बनाकर नाबाद थे। जब वे बल्लेबाज़ी कर रहे थे, तब राजस्थान को 24 गेंदों में 43 रन की जरूरत थी।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version