IPL 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए रोहित शर्मा ने गुरुवार को एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने IPL में मुंबई इंडियंस की ओर से 6000 रन पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। रोहित ने यह उपलब्धि 231 पारियों में हासिल की, जिससे यह साफ है कि वह न सिर्फ मुंबई के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ रहे हैं, बल्कि टीम के इतिहास के सबसे बड़े मैच विजेता भी बन चुके हैं।
हालांकि रोहित शर्मा के कुल IPL रन अब 6905 तक पहुँच चुके हैं, जिनमें से लगभग 1000 रन उन्होंने डेक्कन चार्जर्स के लिए बनाए थे, जब वह 2008 से 2010 तक उस टीम का हिस्सा थे। IPL में उनके नाम 2 शतक और 45 अर्धशतक हैं, जो इस लीग के सर्वाधिक स्थायी और प्रभावशाली बल्लेबाजों में उनकी जगह को पुख्ता करते हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में अब रोहित शर्मा 6000 रनों के साथ सबसे ऊपर हैं। उनसे पीछे कीरोन पोलार्ड हैं, जिन्होंने 211 मैचों में 3915 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव हैं, जिनके नाम अब तक 3460 रन हैं। यह आँकड़े दिखाते हैं कि रोहित ने ना सिर्फ खुद को साबित किया है, बल्कि एक लंबे अरसे तक टीम की रीढ़ बने रहे हैं।
एक लीडर और मैच विनर की पहचान
रोहित शर्मा 14 वर्षों से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं और इस दौरान उन्होंने टीम को 5 बार IPL ट्रॉफी जिताई। कप्तान के रूप में उनकी सफलता उन्हें लीग के सबसे सफल लीडर्स में से एक बनाती है। चाहे नेतृत्व हो या बल्ले से प्रदर्शन, रोहित ने हमेशा टीम को फ्रंट से लीड किया है।
राजस्थान के खिलाफ दमदार शुरुआत
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चल रहे मुकाबले में जब आरआर के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी, तो शुरुआत में ही यह फैसला गलत साबित होता दिखा। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने मिलकर राजस्थान के गेंदबाजों पर तीखा हमला बोला। दोनों ओपनर्स ने सिर्फ 11 ओवर में 108 रन की साझेदारी कर डाली, जिसमें रिकेल्टन 60 रन पर थे और रोहित अपनी 46वीं IPL फिफ्टी की ओर बढ़ रहे थे।
इस साझेदारी से मैच का रुख पूरी तरह मुंबई के पक्ष में चला गया। रोहित ने एक बार डीआरएस से LBW अपील से खुद को बचाया, लेकिन इसके बाद उन्होंने गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। उनका आत्मविश्वास, टाइमिंग और अनुभव साफ दिख रहा था।
पॉइंट्स टेबल पर पहले स्थान की ओर बढ़ती मुंबई
अगर मुंबई इंडियंस यह मुकाबला जीत जाती है तो वे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को पीछे छोड़कर IPL 2025 की पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच जाएँगे। इस जीत के साथ रोहित की टीम एक बार फिर ट्रॉफी की दौड़ में प्रमुख दावेदार के रूप में उभरेगी।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।