IPL 2026 से पहले विराट कोहली ने RCB की अपनी ऑल टाइम प्लेइंग XI चुनी।
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने अपनी ऑल टाइम RCB प्लेइंग XI चुनी है। इस टीम में उन्होंने फ्रेंचाइजी के कई दिग्गज खिलाड़ियों को शामिल किया है, जिन्होंने अलग-अलग दौर में टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया।
RCB के आधिकारिक सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में कोहली ने यह टीम चुनी। इस दौरान उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलन रखने की कोशिश की और टीम में कई ऐसे खिलाड़ियों को जगह दी, जिन्होंने RCB की पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाई।
बल्लेबाजी में दिखा RCB के दिग्गजों का दबदबा
विराट कोहली ने अपनी टीम में खुद और क्रिस गेल को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी। यह जोड़ी IPL इतिहास की सबसे खतरनाक ओपनिंग जोड़ियों में गिनी जाती है। नंबर तीन पर उन्होंने एबी डिविलियर्स को चुना, जिन्हें कोहली कई बार दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक बता चुके हैं।
मिडिल ऑर्डर में कोहली ने केएल राहुलको नंबर चार पर रखा, जिन्होंने 2016 सीजन में RCB के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद नंबर पांच पर रजत पाटीदार को जगह दी गई, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में दिनेश कार्तिक को टीम में शामिल किया गया।
गेंदबाजी में स्टेन, स्टार्क और चहल को मिली जगह
गेंदबाजी में विराट कोहली ने तेज और स्पिन दोनों विभागों में मजबूत विकल्प चुने। तेज गेंदबाजी में उन्होंने डेल स्टेन और मिचेल स्टार्क को टीम में शामिल किया।
स्पिन विभाग में युजवेंद्र चहल के साथ दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले को जगह दी गई। इसके अलावा ऑलराउंडर के रूप में हर्षल पटेल को टीम में रखा गया।
विराट कोहली की चुनी हुई RCB की ऑल टाइम XI
क्रिस गेल, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, केएल राहुल, रजत पाटीदार, दिनेश कार्तिक, हर्षल पटेल, अनिल कुंबले, मिचेल स्टार्क, डेल स्टेन, युजवेंद्र चहल
अनिल कुंबले को शामिल करना रहा खास
इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चा अनिल कुंबले को लेकर हुई। विराट कोहली ने उन्हें नंबर आठ पर जगह दी और इस चयन ने पुराने दिनों की याद दिला दी।
कुंबले ने 2009 और 2010 के सीजन में RCB की कप्तानी की थी और टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। उस समय युवा विराट कोहली भी टीम का हिस्सा थे और कुंबले के नेतृत्व में उन्होंने काफी कुछ सीखा।
IPL 2026 में खिताब बचाने उतरेगी RCB
RCB ने 2025 में पहली बार IPL का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। अब टीम IPL 2026 में अपने खिताब का बचाव करने के लिए मैदान में उतरेगी।
बेंगलुरु की टीम अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







