Thursday, June 11

RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल इन दिनों रेप के आरोप में कानूनी मुश्किलों में घिरे हुए हैं।

IPL 2026 की शुरुआत से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने एक अहम खिलाड़ी को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। टीम मैनेजमेंट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल इस सीजन टीम के साथ नहीं जुड़ेंगे।

टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले यह फैसला सामने आने के बाद कई तरह की अटकलें खत्म हो गई हैं। पिछले कुछ दिनों से वह टीम के प्री-सीजन कैंप में नजर नहीं आए थे, जिसके बाद उनके भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे थे।

RCB ने IPL 2026 में यश दयाल के खेलने पर दिया आधिकारिक बयान

RCB के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट मो बोबट (Mo Bobat) ने साफ किया कि यश दयाल फिलहाल टीम से नहीं जुड़ेंगे और वह एक निजी स्थिति से गुजर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “यश टीम के साथ नहीं जुड़ेंगे, जैसा कि आप जानते हैं वह इस समय एक निजी स्थिति से गुजर रहे हैं। हम अब तक उनके साथ लगातार सपोर्टिव रहे हैं और इसी वजह से हमने उन्हें रिटेन भी किया था। वह अभी भी हमारे साथ कॉन्ट्रैक्ट में हैं।”

बोबट ने आगे कहा, “हम लगातार उनके संपर्क में हैं और आज भी मेरी उनसे बात हुई है। लेकिन इस समय यह फैसला लिया गया है कि उनके और फ्रेंचाइजी दोनों के हित में यही सही है कि वह टीम से नहीं जुड़ें।”

RCB ने पहले ही बना लिया था बैकअप प्लान

मो बॉबट ने यह भी बताया कि फ्रेंचाइजी ने पहले से ही इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी योजना तैयार कर ली थी। उन्होंने कहा, “हम ऑक्शन में सबसे खराब स्थिति को ध्यान में रखकर गए थे।”

यही वजह है कि RCB ने IPL 2026 ऑक्शन में मध्य प्रदेश के तेज गेंदबाज मंगेश यादव को 5.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब माना जा रहा है कि वह प्लेइंग XI में यश दयाल की जगह ले सकते हैं।

टीम चयन पर क्या पड़ेगा असर

बाएँ हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल पिछले सीजन भी टीम का हिस्सा थे और उन्हें इस सीजन रिटेन भी किया गया था, लेकिन मौजूदा स्थिति में उनका बाहर रहना टीम कॉम्बिनेशन को प्रभावित कर सकता है।

हालांकि, RCB के पास पहले से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और अन्य तेज गेंदबाजी विकल्प मौजूद हैं, जिससे टीम को संतुलन बनाए रखने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी।

RCB ने इस मामले में स्पष्ट और संतुलित रुख अपनाते हुए टीम और खिलाड़ी दोनों के हित को प्राथमिकता दी है। IPL 2026 में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम यश दयाल के बिना अपनी बॉलिंग यूनिट को किस तरह से मैनेज करती है।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version