वीमेंस क्रिकेट में मिताली राज सबसे महान खिलाड़ियों में से हैं। उन्होंने न सिर्फ भारतीय क्रिकेट को बहुत कुछ दिया बल्कि दुनिया के अन्य देशों में भी लोगों को इस खेल के प्रति जागरूक किया और उन्हें खेलने पर मजबूर कर दिया। भारतीय क्रिकेट आज जिन ऊँचाइयों पर है उसमें उनका बहुत बड़ा योगदान है। जिसके चलते उन्हें आईसीसी वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 के दौरान एक बड़ा सम्मान मिलने वाला है।
मिताली राज और रवि कल्पना के नाम पर होंगे स्टैंड्स के नाम

दरअसल, आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) ने विशाखापत्तनम में मौजूद एसीए-वीडीसीए स्टेडियम के दो स्टैंड का नाम पूर्व भारतीय वीमेंस टीम की कप्तान मिताली राज और वहां की खिलाड़ी रवि कल्पना के नाम पर रखने का फैसला किया है।
वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के दौरान मिताली और कल्पना को यह सम्मान दिया जाएगा। आपको बता दें कि यह टूर्नामेंट में टीम इंडिया का चौथा मैच होगा जो 12 अक्टूबर को एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।
पहली बार वीमेंस क्रिकेटर के नाम पर होगा स्टैंड्स का नाम
यह पहली बार है जब महिला क्रिकेटरों को एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में इस तरह का सम्मान मिलेगा। इंडियन वीमेंस क्रिकेट आज भारत में जहाँ भी है उसमें सबसे बड़ा योगदान मिताली राज को जाता है। वह दुनिया की सबसे सफल महिला बल्लेबाजों में से एक हैं।
रवि कल्पना एक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपनी मेहनत के चलते टीम इंडिया तक का सफर तय किया और भारतीय टीम के लिए ठीक-ठाक समय तक क्रिकेट खेला। उनका इस खेल का सफर अन्य युवा लड़कियों के लिए प्रेरणादायी है।
मिताली ने 23 साल तक किया भारतीय क्रिकेट का प्रतिनिधित्व
मिताली राज ने साल 1999 में आयरलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 42 वर्षीय खिलाड़ी ने वनडे के फॉर्मेट से अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपना आखिरी मैच साल 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला। इस दौरान उनका करियर 23 साल का रहा।
मिताली 200 से ज़्यादा वनडे खेलने वाली एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं। इसके अलावा उन्होंने छह वर्ल्ड कप भी खेले हैं और यह भी एक रिकॉर्ड है। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम दो बार (2005 और 2017) वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची, जहाँ उन्हें हार का सामना करना पड़ा। राज टेस्ट प्रारूप में दोहरा शतक बनाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।
शानदार रहा है मिताली का करियर
मिताली ने 232 वनडे मैचों में 50.68 की औसत से 7,805 रन बनाए हैं, जिसमें सात शतक और 64 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 89 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 17 अर्धशतकों सहित 2,364 रन भी बनाए हैं। अपने करियर में राज ने 12 टेस्ट मैचों की 19 पारियों में 43.68 की औसत से 699 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं।
वीमेंस क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए उठाया कदम
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन का यह एक बड़ा कदम है, जो दर्शाता है कि खेल में महिलाओं के योगदान को भी महत्व दिया जा रहा है। वहीं वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 की बात करें तो भारतीय महिला टीम अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है।







