एशेज क्रिकेट इतिहास की सबसे पुरानी राइवलरी है। इसमें जो भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करता है उसका नाम दुनिया भर में बनता है। क्योंकि इस सीरीज में काफी अच्छा कम्पटीशन देखने को मिलता है और दबाव भी बहुत ज्यादा होता है। इसलिए यहाँ पर की गई परफॉर्मेंस को अलग ही वैल्यू दी जाती है।
टेस्ट क्रिकेट में खिलाड़ियों की महानता का आंकलन रन बनाने के साथ-साथ शतक लगाने से भी होता है। क्योंकि जितने ज्यादा शतक वो लगाएगा उतना ही मैच जीतने का चांस टीम का बनता जाएगा। तो चलिए जानते हैं कि एशेज में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड किस बल्लेबाज के नाम पर है।
एशेज में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी
5. वॉली हैमंड (Wally Hammond) – 9 शतक

इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज वॉली हैमंड सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से थे। उन्होंने अपने दम पर इंग्लिश क्रिकेट टीम को बहुत से मैच जिताए हैं। 19 साल लंबे इंटरनेशनल करियर में उन्होंने कई ऐसी पारियां खेली हैं जिससे टीम को फायदा हुआ है। वो लंबे समय तक अपनी टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी थे।
वॉली हैमंड ने एशेज में 33 मैच खेलते हुए 9 शतक लगाए हैं। यही नहीं, इस दौरान उन्होंने खेली 58 पारियों में 51.85 की औसत से 2852 रन बनाए थे और उसमें 7 अर्धशतक भी शामिल थे।
4. स्टीव वॉ (Steve Waugh) – 10 शतक

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज कप्तान और लेजेंडरी बल्लेबाज स्टीव वॉ ने अपने प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलियाई टीम का दबदबा स्थापित किया था। इस दिग्गज खिलाड़ी ने कई बार अपनी टीम को मैच जिताने में मदद की है। वो जितने शानदार कप्तान थे, उतने ही बेहतरीन बल्लेबाज भी थे।
स्टीव वॉ ने एशेज में 45 मैच खेले हैं, जिनमें खेली 72 पारियों में 58.75 की औसत से 3173 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 10 शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 177 रन है।
3. जैक हॉब्स (Jack Hobbs) – 12 शतक

इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जैक हॉब्स ने कई सालों तक इंग्लैंड की बल्लेबाजी को संभालकर रखा था। ऐसे समय में जब इंग्लिश टीम के पास बड़े बल्लेबाजों की कमी थी, तब वो डटकर ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों का सामना करते थे और अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करते थे।
हॉब्स ने एशेज में 41 टेस्ट मैचों में 12 शतक जड़े हैं। जैक ने खेली 71 पारियों में 12 शतक और 15 अर्धशतक के साथ 3636 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 187 रन था।
2. स्टीव स्मिथ (Steve Smith) – 12 शतक

मॉडर्न डे के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार स्टीव स्मिथ का बड़ी टीमों के खिलाफ प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा है। वो इस दौर के टेस्ट के सबसे धाकड़ बल्लेबाज हैं और कोई भी उनके आसपास नजर नहीं आता। उन्होंने अपनी टीम को ऐसे-ऐसे मैच जिताए हैं जिसकी कल्पना करना मुश्किल है।
लॉर्ड्स में दोहरा शतक लगाना हो या फिर मेलबर्न में ताबड़तोड़ डबल सेंचुरी, या फिर सैंडपेपर गेट के रिटर्न के बाद एजबेस्टन की दोनों पारियों में शतक लगाकर टीम को जिताना हो—इस दिग्गज खिलाड़ी ने हर टेस्ट पास किया है।
स्टीव स्मिथ ने एशेज में 32 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनकी 66 पारियों में 56.01 की औसत से 3417 रन बनाए। इसके अलावा उनके नाम 12 शतक और 13 अर्धशतक हैं और उनका हाईएस्ट स्कोर 239 रन है।
1. डॉन ब्रैडमैन (Don Bradman) – 19 शतक

डॉन ब्रैडमैन ऑस्ट्रेलिया के ही नहीं, बल्कि इस खेल के सबसे महान बल्लेबाज थे। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को बहुत से मैच जिताए हैं। इस धाकड़ खिलाड़ी ने न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया में बल्कि इंग्लैंड में भी बहुत रन बनाए थे। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनको रोकने के लिए इंग्लैंड ने बॉडीलाइन का प्रयोग किया था ताकि उन्हें रोका जा सके।
डॉन ब्रैडमैन ने एशेज में खेले 37 मैचों की 63 पारियों में 89.78 की औसत से 5028 रन बनाए, जिसमें 19 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं, और उनका बेस्ट स्कोर 334 रन था।

