क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट को टी-20 के नाम से जाना जाता है। इस समय भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप खेल रही है। भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट के पहले टी-20 मैच में USA की टीम को हराकर सीरीज़ में एक मैच जीत लिया है। इस मैच में शानदार बल्लेबाज़ी करने के लिए टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया है। जिसके बाद वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
1. सूर्यकुमार यादव – 17 बार
इस लिस्ट में पहला नाम टीम इंडिया के वर्तमान टी-20 क्रिकेट कप्तान सूर्यकुमार यादव का है। टी-20 वर्ल्ड कप के पहले मैच के बाद उनके नाम सर्वाधिक ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ खिताब जीतने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। इस दौरान उन्होंने 105 मैचों में खेलते हुए 17 बार यह कारनामा किया है। इसके अलावा उन्होंने अपने टी-20 करियर में कुल 105 पारियों में 36.72 की औसत और 164.41 की स्ट्राइक रेट से 3114 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 25 अर्धशतक और 4 शानदार शतक भी आए हैं। इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन है।
2. विराट कोहली – 16 बार
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली का नाम है। विराट ने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था। वहीं इस फॉर्मेट में उन्होंने कुल 125 मैचों में 16 बार यह खिताब जीता है। इसके अलावा कोहली ने 48.69 की बल्लेबाज़ी औसत और 137.04 की स्ट्राइक रेट से 4,188 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 38 अर्धशतक देखने को मिले हैं, जबकि उन्होंने 1 शतक भी लगाया है।
3. रोहित शर्मा – 14 बार
इस लिस्ट में तीसरा नाम भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान रोहित शर्मा का है। हिटमैन ने इस समय टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इस खिलाड़ी ने साल 2007 में अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। तब से लेकर अब तक उन्होंने कुल 159 मैच खेले हैं। इन मैचों में खेलते हुए वह 14 बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीत चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 32.05 की औसत और 140.89 की स्ट्राइक रेट से 4,231 रन बनाए हैं। जबकि इस फॉर्मेट में उनके बल्ले से 5 शतक और 32 अर्धशतक का रिकॉर्ड भी दर्ज है।
4. अक्षर पटेल – 8 बार
इस सूची में चौथा नाम टीम के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल का है। उन्होंने अब तक 88 मैचों में खेलते हुए 8 बार यह कारनामा किया है। इसके बाद वह पूर्व महान ऑलराउंडर युवराज सिंह को भी पीछे छोड़ चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 88 मैचों की 50 पारियों में 19.44 की औसत और 137.87 की स्ट्राइक रेट से 700 रन बनाए हैं। जबकि इस बीच उनका सर्वोच्च स्कोर 65 रन रहा है। इसके अलावा गेंदबाज़ी करते हुए 21.56 की औसत से कुल 88 विकेट भी ले चुके हैं।
5. युवराज सिंह और जसप्रीत बुमराह : 7-7 बार
इस लिस्ट में 7 बार प्लेयर ऑफ़ द मैच का अवार्ड जीतने वाले दो खिलाड़ी हैं-युवराज सिंह और जसप्रीत बुमराह।
इस लिस्ट में टीम इंडिया के पूर्व महान ऑलराउंडर युवराज सिंह का नाम भी मौजूद है। युवी ने भारतीय टीम के लिए कुल 58 मैचों में 28.02 की औसत से 1177 रन बनाए हैं, साथ ही गेंदबाज़ी करते हुए 28 विकेट भी चटकाए हैं। इसके लिए उन्हें 7 बार प्लेयर ऑफ़ द मैच का अवार्ड मिला है।
इस लिस्ट में टीम इंडिया के वर्तमान तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह का नाम भी मौजूद है। बुमराह ने टीम के लिए 87 मैचों में अब तक कुल 107 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी प्रदर्शन 3/7 का है। अब तक बुमराह को 7 बार प्लेयर ऑफ़ द मैच का अवार्ड दिया गया है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







