टेस्ट क्रिकेट को इस खेल का सबसे कठिन फॉर्मेट माना जाता है, क्योंकि इसमें स्किल और टेम्परामेंट की परीक्षा होती है। हालाँकि, इसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अलग ही दर्जा दिया जाता है। आज के समय में जब टी20 फॉर्मेट अपने पैर पसारता जा रहा है, तब भी चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे को सम्मान की नजरों से देखा जाता है।
टेस्ट में अब रन बनाना और भी कठिन होता जा रहा है। तो चलिए जानते हैं कि एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में कौन से बल्लेबाज टॉप पर हैं।
इन खिलाड़ियों ने टेस्ट के एक कैलेंडर ईयर में बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
5. माइकल क्लार्क (Michael Clarke) 1595 रन

ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज माइकल क्लार्क टेस्ट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें नंबर पर आते हैं। उन्होंने साल 2012 में इस खास लिस्ट में अपनी जगह बनाई थी। उस साल वह कमाल की फॉर्म में थे और एक से बढ़कर एक गेंदबाज को भी नहीं छोड़ रहे थे।
क्लार्क ने उस साल खेले 11 मैचों की 18 पारियों में 106.33 की औसत से 1595 रन बनाए थे, जिसमें 5 शतक और 3 अर्धशतक शामिल थे और उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 329 रन था, जो उन्होंने इंडिया के खिलाफ बनाया था।
4. ग्रेम स्मिथ (Graeme Smith) 1656 रन

साउथ अफ्रीका के ओपनिंग बल्लेबाज और टेस्ट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार ग्रेम स्मिथ ने साल 2008 में अपनी बल्लेबाजी से गेंदबाजों को नाको चने चबवा दिए थे। इस धाकड़ बल्लेबाज ने उस साल खेले 15 मुकाबलों की 25 पारियों में 72.00 की औसत से 1656 रन बनाने के साथ-साथ 6 शतक और 6 अर्धशतक लगाए थे। यही नहीं, इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 232 रन था।
3. जो रूट (Joe Root) 1708 रन

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और इस दशक के सबसे बेहतरीन टेस्ट बल्लेबाजों में से एक जो रूट लगातार अपनी पीक फॉर्म में बने हुए हैं। वह इस दशक में टेस्ट क्रिकेट में रन बनाने के मामले में टॉप पर हैं। 2021 बल्लेबाजी के लिहाज से उनके टेस्ट करियर का सबसे बेहतरीन साल था।
जो रूट ने साल 2021 में 15 मैचों की 29 पारियों में खेलते हुए 61.00 की औसत से 1708 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने इस दौरान 6 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे, जबकि उनका हाईएस्ट स्कोर 228 रन था।
2. विव रिचर्ड्स (Viv Richards) 1710 रन

वेस्टइंडीज के ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज विव रिचर्ड्स ने अपने करियर में बहुत से ऐसे कीर्तिमान बनाए हैं, जिनको तोड़ना मुश्किल है। वह हमेशा ही शानदार फॉर्म में रहते थे, लेकिन 1976 उनके करियर का डेफिनिंग मोमेंट था। इस साल उन्होंने हजारों रन बनाए थे।
विव रिचर्ड्स ने उस साल 11 टेस्ट मैच खेले थे, जिनकी 19 पारियों में 90.00 की औसत से 1710 रन बनाने के साथ-साथ 7 शतक और 5 अर्धशतक लगाए थे, जबकि उनका बेस्ट स्कोर 291 रन था।
1. मोहम्मद यूसुफ (Mohammad Yusuf) 1788 रन

पाकिस्तान के धुरंधर बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने यह कीर्तिमान साल 2006 में अपने नाम किया था। इस धाकड़ बल्लेबाज ने विव रिचर्ड्स के रिकॉर्ड को तोड़ा था और उसके बाद कोई भी उनके इस कीर्तिमान के आस-पास भी नहीं आ पाया है।
यूसुफ ने उस साल 11 टेस्ट मैचों की 19 पारियों में 99.33 की औसत से 1788 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने 9 शतक और 3 अर्धशतक लगाए थे और उनका सर्वोच्च स्कोर 202 रन था।

