एशेज दुनिया की सबसे फियर्स राइवलरी है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच आत्मसम्मान की लड़ाई भी देखी जाती है। इस सीरीज को जीतने के लिए दोनों टीमें कुछ भी कर सकती हैं।
दोनों टीमों के बीच यह प्रतिद्वंद्विता आज भी उसी दिलचस्पी के साथ देखा जा रहा है। क्योंकि, इसमें एक से बढ़कर एक खिलाड़ी खेलते हैं और इसमें काफी अच्छे मैच देखने को मिलते हैं। एशेज में गेंदबाज हों या बल्लेबाज, सभी अपना बेस्ट देते हैं और उनका प्रदर्शन लोगों के जहन में तरोताजा रहता है। इस सीरीज में कई ऐसे स्पेल फेंके गए हैं जिन्हें लोग आज भी याद करते हैं। तो चलिए जानते हैं कि एक एशेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड किस गेंदबाज के नाम है।
एक एशेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाज
5. शेन वार्न (Shane Warne) – 40 विकेट

ऑस्ट्रेलिया ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे बेहतरीन लेग स्पिन गेंदबाज शेन वार्न ने अपनी गेंदबाजी का जादू दुनियाभर में चलाया है। उनके सामने अच्छे से अच्छा बल्लेबाज भी घुटने टेकने पर मजबूर हो जाता था। बड़े मैचों में तो उनका बेस्ट निकलकर आता था।
स्पिन के इस जादूगर ने अपना नाम भी एशेज से ही बनाया था। जब उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर इंग्लैंड के धुरंधर माइक गेटिंग को राउंड द लेग्स बोल्ड मार दिया था, जिसे बॉल ऑफ द सेंचुरी भी कहा जाता है। वार्न ने 2005 में इंग्लैंड में हुई एशेज में 5 मैचों में 19.92 की औसत और 37.92 की स्ट्राइक रेट से 40 विकेट लिए थे और इस दौरान 2 बार पंजा खोलने में सफल हुए थे। उनका बेस्ट 46 रन देकर 6 विकेट लेना था।
4. टेरी एल्डरमैन (Terry Alderman) – 41 विकेट

ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन गेंदबाजों में शुमार टेरी एल्डरमैन ने अपनी गेंदबाजी से इंग्लिश बल्लेबाजों को खासा परेशान किया था। उनकी गेंदों के सामने इंग्लैंड के बल्लेबाज हथियार डाल देते थे। वह न सिर्फ अपनी पेस से बल्कि गेंद को सीम कराने की काबिलियत के चलते उन्हें परेशान करते थे।
टेरी एल्डरमैन ने 1989 में इंग्लैंड में हुई एशेज के दौरान 6 मैचों में 17.36 की औसत और 39.41 की स्ट्राइक रेट से 41 विकेट लिए थे। इस दौरान उनका बेस्ट फ़िगर 128 रन देकर 6 विकेट लेना था और 6 बार वह पंजा खोलने में सफल हुए थे।
3. रॉडनी हॉग (Rodney Hogg) – 41 विकेट

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज रॉडनी हॉग ने भी अपनी रफ्तार भरी गेंदों से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को काफी मुश्किल में डाल दिया था। उनके पास पेस तो थी ही और इसका वह भरपूर फायदा उठाते हुए बाउंसर भी फेंकते थे, जिससे उन्हें खूब विकेट मिलते थे।
रॉडनी हॉग ने साल 1978/79 में घर में हुई एशेज में अपनी गेंदबाजी से इंग्लिश बल्लेबाजों की कमर तोड़कर रख दी थी। हॉग ने इस सीरीज में खेले 6 मैचों में 12.85 की औसत और 42.43 की स्ट्राइक रेट से 41 विकेट लिए थे और 5 बार पंजा खोला था। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 74 रन देकर 6 विकेट लेना था।
2. टेरी एल्डरमैन (Terry Alderman) – 42 विकेट

टेरी एल्डरमैन अकेले गेंदबाज हैं जो टॉप 5 की लिस्ट में दो बार आते हैं। उन्होंने दोनों बार इंग्लैंड में अपनी धारदार गेंदबाजी से उनके बल्लेबाजों को चित्त किया था।
1981 में इंग्लैंड में हुई एशेज में खेले 6 मैचों में उन्होंने 21.26 की औसत और 46.42 की स्ट्राइक रेट से 42 विकेट लिए थे। इसके अलावा उनका इस सीरीज में बेस्ट प्रदर्शन 138 रन देकर 6 विकेट लेना था और 4 बार फाइफर लेने में सफल हुए थे।
1. जिम लेकर (Jim Laker) – 46 विकेट

इंग्लैंड के धाकड़ गेंदबाज जिम लेकर का नाम एशेज क्रिकेट में हमेशा के लिए अमर हो गया है। क्योंकि, उन्होंने एक टेस्ट मैच में 19 विकेट लिए थे—एक पारी में 10 और दूसरी पारी में 9 विकेट। उनकी गेंदबाजी के आगे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था।
जिम लेकर ने साल 1956 में हुई एशेज में 5 मैच खेलते हुए 9.60 की औसत और 37.02 की स्ट्राइक रेट के साथ 4 बार फाइफर की मदद से 46 विकेट लिए थे। उनका बेस्ट प्रदर्शन उस सीरीज में 53 रन देकर 10 विकेट लेना था।

