टी20 क्रिकेट पिछले कुछ सालों में बहुत तेजी से आगे बढ़ा है। खिलाड़ी अब इस फॉर्मेट में ढल चुके हैं, जिसके चलते उन्हें अब इसे खेलने में काफी आसानी होती है। घरेलू क्रिकेट हो या फिर लीग, हर जगह ही इस प्रारूप को प्राथमिकता दी जा रही है। नए दर्शकों को अपनी तरफ आकर्षित करने की वजह से बल्लेबाजों के अनुकूल परिस्थितियां दी जा रही हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा बाउंड्री लग सकें और दर्शक इस खेल की ओर खींचे चले आएं।
हालाँकि इसके बाद भी गेंदबाज समय के साथ अपने आप को इवॉल्व कर रहे हैं और नई-नई गेंदें इजात कर रहे हैं, जिससे वो बल्लेबाजों को फंसा सकें और विकेट लेने में सफल हों। सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी भी कई साल से खेली जा रही है और फ्लैट विकेट मिलने के बाद भी गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन करने में सफल हो रहे हैं। तो चलिए जानते हैं कि इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज कौन हैं।
सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
5. चामा मिलिंद (Chama Milind)

हैदराबाद के लेफ्ट आर्म मीडियम तेज गेंदबाज चामा मिलिंद सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में पांचवें नंबर पर आते हैं। इस तेज गेंदबाज ने 76 मैचों में 19.11 की औसत, 15.15 की स्ट्राइक रेट तथा 7.56 की इकॉनमी से 107 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 बार पंजा भी खोला है।
4. लुकमान मेरीवाला (Lukman Meriwala)

बड़ौदा के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज लुकमान मेरीवाला सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी में सबसे सफल गेंदबाजों में से हैं। उनके पास टी20 क्रिकेट को देखते हुए कई वेरिएशन हैं। वो नई गेंद को स्विंग कराना तो जानते ही हैं और साथ ही अंदर आती हुई गेंद काफी घातक साबित होती है।
लुकमान मेरीवाला ने खेले गए 71 मैचों में 16.67 की औसत, 13.91 की स्ट्राइक रेट तथा 7.18 की इकॉनमी के साथ 108 विकेट चटकाए हैं। उनके नाम 3 फिफर भी दर्ज हैं।
3. पियूष चावला (Piyush Chawla)

भारत के वर्ल्ड कप विनर लेग स्पिन गेंदबाज पियूष चावला ने अपनी शानदार गूगली और वेरिएशन के दम पर दुनियाभर के बल्लेबाजों को चकमा दिया है और सैयद मुश्ताक़ अली में भी उन्होंने यही दोहराया है। वो अभी भी आईपीएल में खेलते हुए नजर आते हैं, लेकिन सैयद मुश्ताक़ में नहीं दिखते हैं। इसके बावजूद उनका प्रदर्शन अभी भी काफी दमदार है।
पियूष चावला ने सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी में 89 मैचों में 20.33 की औसत और 17.96 की स्ट्राइक रेट से 113 विकेट लिए हैं और इस दौरान उनकी इकॉनमी 7 से भी कम रही है।
2. सिद्धार्थ कौल (Siddharth Kaul)

पंजाब के तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अपनी स्लोअर बॉल और स्विंग से बहुत से बल्लेबाजों को परेशान किया है।
सिद्धार्थ टी20 फॉर्मेट के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं। उन्होंने 87 मैचों में लगभग 7 की इकॉनमी से 120 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका औसत 18.25 का रहा और 1 बार पंजा खोलने में भी सफल हुए हैं।
1. जयदेव उनादकट (Jaydev Unadkat)

सौराष्ट्र के ही नहीं बल्कि घरेलू क्रिकेट के दिग्गज तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने पिछले मैच में ही यह खास उपलब्धि हासिल की है। भले ही उन्हें टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका नहीं मिल रहा है, लेकिन वो घरेलू क्रिकेट में लगातार खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
जयदेव ने सैयद मुश्ताक़ अली में 83 मैचों में 6.79 की इकॉनमी से 121 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका औसत 17.81 का है और 3 बार 4 विकेट हॉल लेने में सफल हुए हैं।







