न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने जनवरी में होने वाले भारत दौरे के लिए वनडे और टी20 सीरीज की टीम की घोषणा कर दी है। न्यूजीलैंड ‘ए’ के बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज जेडन लेनोक्स को पहली बार टीम में जगह मिली है। टीम में डेवोन कॉन्वे, मिचेल सेंटनर और माइकल ब्रेसवेल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ लेनोक्स और क्रिस्टियन क्लार्क जैसे युवा चेहरे भी शामिल हैं।
आगामी टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए बोर्ड टीम कॉम्बिनेशन की तलाश में है। क्रिस्टियन क्लार्क के अलावा आदि अशोक, जोश क्लार्कसन, निक केली और माइकल रे को भी चयनित किया गया है। काइल जैमीसन और मिचेल सेंटनर की भी टीम में वापसी हुई है, जिसमें जैमीसन वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों में खेलेंगे, जबकि सेंटनर को केवल टी20 टीम में जगह दी गई है।
केन विलियमसन टीम से हुए बाहर
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टेस्ट कप्तान टॉम लैथम और मुख्य तेज गेंदबाज मैट हेनरी को टीम में शामिल नहीं किया गया है। वहीं, केन विलियमसन एसए20 लीग में व्यस्त रहने के कारण वनडे टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। वनडे मुकाबलों में मिच हे विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे, जबकि टी20 सीरीज में यह जिम्मेदारी डेवोन कॉन्वे संभालेंगे। जैकब डफी और रचिन रवींद्र को वनडे सीरीज के लिए नहीं चुना गया है। मिचेल सेंटनर के साथ मार्क चैपमैन और मैट हेनरी चोट से उबरने के बाद टी20 टीम में वापसी के लिए तैयार हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 11 से 18 जनवरी के बीच खेली जाएगी। इसके बाद 21 से 31 जनवरी तक पांच मैचों की टी20 सीरीज आयोजित की जाएगी।
ब्रेसवेल टीम की कमान संभालेंगे
सेंटनर की अनुपस्थिति में वनडे सीरीज के लिए टीम की कप्तानी माइकल ब्रेसवेल को सौंपी गई है। उनके साथ डेवोन कॉन्वे, डेरिल मिचेल, विल यंग और हेनरी निकोल्स जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा रहेंगे।
न्यूजीलैंड की ODI टीम स्क्वाड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), आदि अशोक, क्रिश्चियन क्लार्क, ग्लेन फिलिप्स, माइकल रे, विल यंग, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉन्वे, जैक फॉक्स, मिच हे, काइल जैमीसन, निक केली, जेडन लेनोक्स, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स।
न्यूजीलैंड की T20Is टीम का स्क्वाड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, जैक फॉक्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, बेवन जैकब्स, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम रॉबी।
भारत की T20Is टीम का स्क्वाड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, अभिषेक-शर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, ईशान किशन, संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।







