PAK vs BAN 2nd Test: Pakistan Drop Shaheen Afridi For 2nd Test, This Is The Reason
PAK vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश के खिलाफ खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में करारी हार के चलते आलोचनाओं का सामना करने के बाद पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट मैच में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) को बाहर कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरूवार को आगामी टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है, जिसमें उन्होंने अनुभवी तेज गेंदबाज को बाहर का रास्ता दिखाया है।

बता दें कि, पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान टीम ने 4 तेज गेंदबाजों और एक स्पिन गेंदबाज को जगह दी थी, जिसकी काफी आलोचना हुई थी। कई विशेषज्ञों ने यह सलाह दी थी कि, मेजबान टीम को पहले टेस्ट में कम से कम दो स्पिनरों के साथ मैदान पर उतरना चाहिए था। हालाँकि, दूसरे टेस्ट के लिए टीम घोषित करने के बाद मुख्य कोच जेसन गिलस्पी ने कहा कि, शाहीन इस स्थिति को अच्छी तरह से समझते हैं।
गिलस्पी ने मैच से पहले की संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा:
हमने उनसे (शाहीन से) अच्छी बातचीत की और वह पूरी तरह से समझते हैं कि हम इस मैच के लिए सर्वश्रेष्ठ संयोजन पर विचार कर रहे हैं और पिछले कुछ सप्ताह उनके लिए पिता बनने तथा अन्य चीजों के कारण दिलचस्प रहे हैं। इस अवकाश से उन्हें अपने परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा।
पूर्व आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने कहा कि, शाहीन अधिक प्रभावी होने के लिए पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज अजहर महमूद के साथ काम कर रहे हैं और पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट निश्चित रूप से उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देखना चाहता है, क्योंकि उनमें अभी काफी क्रिकेट बाकी है।

उन्होंने कहा:
फिलहाल हमें लगता है कि हमने अपने गेंदबाजी आक्रमण में सभी आधार तैयार कर लिए हैं।
गौरतलब हो कि, शाहीन ने घुटने की चोट के कारण जुलाई 2022 के बाद से अब तक सिर्फ 6 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्हें इस साल जनवरी में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ अंतिम टेस्ट के लिए भी आराम दिया गया था। मुख्य कोच गिलस्पी ने यह भी पुष्टि की कि ऑलराउंडर आमिर जमाल अभी भी पाकिस्तान के लिए खेलने के लिए फिट नहीं हैं और इसीलिए उन्हें आगामी मैच से बाहर कर दिया गया है।

पाकिस्तान की 12 सदस्यीय टीम: शान मसूद (कप्तान), सऊद शकील (उपकप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), अबरार अहमद, मोहम्मद अली, सलमान अली आगा, सईम अयूब, बाबर आजम, मीर हमजा, अब्दुल्ला शफीक, नसीम शाह, खुर्रम शहजाद
बांग्लादेश टीम: नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), महमुदुल हसन जॉय, जाकिर हसन, शादमान इस्लाम, मोमिनुल हक, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन, लिट्टन कुमेर दास, मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, नईम हसन, नाहिद राणा, शोरफुल इस्लाम, हसन महमूद, तस्कीन अहमद, सैयद खालिद अहमद।







