एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को पाकिस्तान और भारत के बीच मैच खेला गया था। इस मुकाबले में भारत टीम के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हैंडशेक नहीं किया, जिससे पाकिस्तान की टीम और पीसीबी (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) दोनों बुरी तरह आक्रोशित हो गए। भारतीय टीम ने यह कदम कश्मीर में हुए कायराना हमले का विरोध करते हुए उठाया था। इसके बाद पाकिस्तान ने आईसीसी से शिकायत की, जिसमें उन्होंने रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर भेदभाव का आरोप भी लगाया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने झूठ फैलाया
आईसीसी ने 17 सितंबर को इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने साफ किया कि एंडी पायक्रॉफ्ट ने माफी मांगी थी, लेकिन यह माफी भारत-पाकिस्तान मैच में हुए हैंडशेक विवाद पर नहीं, बल्कि दोनों टीमों के बीच मिस कम्युनिकेशन के कारण मांगी गई थी। इसके बाद यह खुलासा हुआ कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा रेफरी की माफी को लेकर झूठ फैलाया गया था।
पीसीबी अध्यक्ष का बयान
पीसीबी के अध्यक्ष और एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने यूएई के खिलाफ मुकाबले से पहले बताया कि भारत-पाकिस्तान मैच के बाद हैंडशेक विवाद को लेकर माहौल गरम था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने इस मामले पर आईसीसी से शिकायत की थी, और अब रेफरी की माफी के बाद यह मामला समाप्त हो गया है, और पाकिस्तान अपने एशिया कप के बाकी मैच खेलेगा।
रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट कौन हैं?
एंडी पायक्रॉफ्ट जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर हैं, जिन्होंने अपने करियर में 3 टेस्ट और 20 वनडे मैच खेले हैं। इसके अलावा, वह जिम्बाब्वे की अंडर-19 टीम के कोच और चयनकर्ता भी रह चुके हैं। पायक्रॉफ्ट आज के समय में क्रिकेट जगत के अनुभवी मैच रेफरी में से एक हैं। 2009 से लेकर अब तक, उन्होंने 103 टेस्ट मैचों में मैच रेफरी की भूमिका निभाई है। भारत और पाकिस्तान के बीच नो हैंडशेक विवाद में उनका नाम खूब चर्चा में चल रहा है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







