अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप B के ये युवा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से टूर्नामेंट की दिशा और दशा तय कर सकते हैं।
पुरुष अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 15 जनवरी से होने जा रही है। इस टूर्नामेंट में ग्रुप B को बेहद दिलचस्प माना जा रहा है, क्योंकि इसमें भारत, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और यूएसए जैसी टीमें शामिल हैं, जिनके पास कई बेहतरीन युवा प्रतिभाएं मौजूद हैं।
भारत ने अब तक पांच बार (2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में) अंडर 19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है, जबकि बांग्लादेश एक बार (2020 में) चैंपियन बन चुका है। न्यूजीलैंड लगातार मजबूत युवा क्रिकेट स्ट्रक्चर के लिए जाना जाता है और यूएसए की टीम भी पिछले कुछ सालों में तेजी से आगे बढ़ी है। ऐसे में ग्रुप B से कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं, जो अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 में सभी का ध्यान अपनी ओर खींच सकते हैं।
ये हैं अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप B की टीमों के वो 5 खिलाड़ी जिन पर होंगी सभी की निगाहें
1. वैभव सूर्यवंशी (भारत)
सिर्फ 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने पूरी क्रिकेट दुनिया को चौंका दिया है। आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 38 गेंदों में 101 रन की विस्फोटक पारी खेलकर वह रातोंरात चर्चा में आ गए थे। इसके बाद उन्होंने यूथ और घरेलू क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।
हाल ही में वैभव ने पुरुष लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाए, जो उन्होंने सिर्फ 59 गेंदों में पूरे किए। इसके अलावा, उन्होंने भारत के लिए यूथ वनडे में 95 गेंदों पर 171 रनों की एक पारी भी खेली। टी20 क्रिकेट में भी उनका शतक सबसे तेज शतकों में शामिल है। अंडर 19 वर्ल्ड कप उनका पहला बड़ा आईसीसी टूर्नामेंट होगा, जहां उनसे काफी उम्मीदें होंगी।
2. आयुष म्हात्रे (भारत)
भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre) मुंबई से आने वाले एक और खास बल्लेबाज हैं। उन्होंने कम उम्र में ही सीनियर क्रिकेट और आईपीएल में अपनी जगह बना ली है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में अपने तीसरे ही मैच में शतक लगाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
आयुष ने विजय हजारे ट्रॉफी में 117 गेंदों पर 181 रनों की शानदार पारी भी खेली है। इसके अलावा, आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू करते हुए उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों पर 32 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा था और RCB के खिलाफ एक मैच में 94 रन भी बनाए थे। इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई के लिए लगातार दो शतक लगाकर उन्होंने अंडर 19 वर्ल्ड कप से पहले बेहतरीन फॉर्म भी दिखाई।
3. अजीजुल हकीम (बांग्लादेश)
बांग्लादेश की अंडर 19 टीम की कमान ऑलराउंडर अजीजुल हकीम (Azizul Hakim) के हाथों में होगी। वह 2024 के बाद से यूथ क्रिकेट में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले गिने चुने बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने 32 मैचों में 1067 रन बनाए हैं, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ दो शतक भी शामिल हैं।
अजीजुल सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि गेंदबाजी में भी उपयोगी साबित हुए हैं। उन्होंने इस दौरान 26 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट 4.59 रहा है। साथ ही उन्हें दो फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव भी मिल चुका है, जो उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाता है।
4. आर्यन मान (न्यूजीलैंड)
न्यूजीलैंड के युवा बल्लेबाज और विकेटकीपर आर्यन मान (Aryan Mann) अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास डेब्यू मैच में दो अर्धशतक लगाए और विकेट के पीछे भी चार अहम शिकार किए।
घरेलू सीजन के दौरान उन्हें केन विलियमसन के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का भी मौका मिला, जिससे उनके खेल को और निखार मिला। इसके अलावा उन्होंने चेन्नई में सुपर किंग्स अकादमी में ट्रेनिंग भी की है। अंडर 19 वर्ल्ड कप उनका पहला बड़ा वैश्विक मंच होगा।
5. उत्कर्ष श्रीवास्तव (अमेरिका)
अमेरिका की अंडर 19 टीम के कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव (Utkarsh Srivastava) एक दमदार बल्लेबाज होने के साथ साथ उपयोगी स्पिन गेंदबाज भी हैं। वह अंडर 19 वर्ल्ड कप 2024 में यूएसए के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी थे।
उत्कर्ष ने अक्टूबर 2024 में सीनियर वनडे टीम के लिए भी डेब्यू किया और स्कॉटलैंड के खिलाफ 63 गेंदों में 67 रन की जुझारू पारी खेली। इस्कर अलावा, वेस्टइंडीज अंडर 19 राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट 2025 में उन्होंने 289 रन बनाए और नौ विकेट भी लिए। इस वर्ल्ड कप में यूएसए को उनसे बड़ी उम्मीदें होंगी।
ग्रुप बी में शामिल ये पांच खिलाड़ी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 को बेहद रोमांचक बना सकते हैं। ये युवा सितारे अपने अनुभव, आत्मविश्वास और हालिया फॉर्म के दम पर न सिर्फ अपनी टीमों के लिए अहम साबित हो सकते हैं, बल्कि भविष्य के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े नाम भी बन सकते हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







