Ravindra Jadeja Created History: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जडेजा अब टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे लंबे समय तक नंबर 1 ऑलराउंडर बने रहने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। यह उपलब्धि उन्हें आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में हासिल हुई है।
आईसीसी रैंकिंग में बना नया रिकॉर्ड

आईसीसी द्वारा जारी की गई ताज़ा टेस्ट रैंकिंग में रविंद्र जडेजा ने अपना टॉप स्थान बनाए रखा है। इससे पहले तक कई दिग्गज खिलाड़ी इस स्थान पर रहे, लेकिन कोई भी इतने लंबे समय तक इस स्थान पर नहीं टिक सका। जडेजा की निरंतरता और प्रदर्शन ने उन्हें यह ऐतिहासिक उपलब्धि दिलाई।
नंबर वन पर कब्जा है, रवींद्र जडेजा का जलवा है
रवींद्र जडेजा 9 मार्च 2022 को वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर को पछाड़कर दुनिया के नंबर वन टेस्ट ऑलराउंडर बने थे और तब से लेकर अब तक 38 महीने हो चुके हैं, रवींद्र जडेजा नंबर वन की पोजिशन पर 1152 दिन से लगातार बने हुए हैं। साल 2022 में रवींद्र जडेजा जब वर्ल्ड नंबर वन टेस्ट ऑलराउंडर बने थे, तब वो उनके लिए उस उपलब्धि को हासिल करने का दूसरा मौका था। ऐसा इसलिए क्योंकि उससे पहले वो एक बार अगस्त 2017 में भी एक हफ्ते के लिए नंबर वन ऑलराउंडर खिलाड़ी बने थे
जडेजा को इनसे थी सीधी टक्कर

टेस्ट ऑलराउंडर की ताजा रैंकिंग में नंबर वन पर कब्जा जमाए रखने के लिए रवींद्र जडेजा का सीधा मुकाबला बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज से था, जिनके 327 रेटिंग पॉइंट हैं। नई रैंकिंग में मेहदी हसन ने मार्को यानसन को पछाड़ा है और नंबर 2 पर कब्जा जमाया है। मार्को यानसन को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वो 294 रेटिंग पॉइंट के साथ तीसरे नंबर पर आ गए हैं।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पैट कमिंस का नाम इस लिस्ट में चौथे नंबर पर है, जबकि बांग्लादेश के शाकिब अल हसन 5वें स्थान पर हैं। टॉप 10 में जडेजा को छोड़ कोई और भारतीय ऑलराउंडर नहीं हैं। हालांकि, उनके बाद अक्षर पटेल टेस्ट ऑलराउंडर की लिस्ट में 12वें नंबर पर हैं।
रवींद्र जडेजा का टेस्ट करियर
रवींद्र जडेजा ने अभी तक टीम इंडिया के लिए 80 टेस्ट मैच खेले हैं। जिसमें बल्लेबाजी करते हुए जडेजा ने 3370 रन बनाए हैं। इस दौरान जडेजा के बल्ले से 22 अर्धशतक और 4 शतक निकले हैं। वहीं गेंदबाजी करते हुए जडेजा ने 323 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान जडेजा का बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन 42 रन देकर 7 विकेट लेना रहा है।
क्रिकेट जगत से मिल रही बधाईयां
जडेजा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्रिकेट जगत से लेकर फैंस तक हर कोई उन्हें बधाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर ‘सर जडेजा’ ट्रेंड कर रहा है और फैंस उन्हें देश का गर्व बता रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर्स और एक्सपर्ट्स ने भी जडेजा की तारीफों के पुल बांधे हैं।
🚨 HISTORY CREATED BY JADEJA 🚨
– Ravindra Jadeja has now the longest streak as the Number 1 all-rounder in Test History. 🙇🇮🇳 pic.twitter.com/8pIGJOFbAL
— Johns. (@CricCrazyJohns) May 14, 2025
युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा
रविंद्र जडेजा का यह रिकॉर्ड सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि हर उस खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है जो कड़ी मेहनत और लगन से अपने खेल को निखारना चाहता है। जडेजा ने साबित किया है कि अगर जज्बा हो, तो कोई भी ऊंचाई पाई जा सकती है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

