रोहित शर्मा भारत के ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे बेहतरीन ओपनिंग बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से भारतीय टीम को न जाने कितने मैच जिताए हैं। यहीं नहीं, अपनी कप्तानी में वापस से टीम इंडिया को आईसीसी ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी, जो उनके करियर की ख़ास उपलब्धि है।
रोहित इतने बड़े बल्लेबाज इसलिए भी हैं, क्योंकि वे बड़ी टीमों के खिलाफ हमेशा अच्छा प्रदर्शन करते हैं। ऑस्ट्रेलिया दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम है और उनके खिलाफ तो शर्मा अलग ही फॉर्म में आ जाते हैं। उनकी फॉर्म कैसी भी हो, वह ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ हमेशा रन बनाते हैं।
रोहित ने न सिर्फ भारत में, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर भी बहुत से रन बनाए हैं। तो चलिए जानते हैं कि इस धाकड़ बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलियाई धरती पर कितने रन बनाए हैं और उनका प्रदर्शन कैसा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित का रिकॉर्ड है शानदार

रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2008 में पहली बार कोई वनडे मैच खेला था। उसके बाद से उन्होंने हमेशा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। साल 2013 में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ दोहरा शतक लगाकर न सिर्फ उन्होंने अपनी जगह टीम में पुख्ता की थी, बल्कि आगे के लिए वह कैसा प्रदर्शन करेंगे, इसकी झलक भी दिखा दी थी। उस सीरीज के बाद शर्मा ने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कमाल का हैं रोहित का प्रदर्शन
रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे पहली बार 2008 में उनकी सरजमीं पर कोई वनडे मैच खेला था। उसके बाद से वह ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए सबसे बड़े नाइटमेयर बनकर सामने आए हैं। दो दशक में इस धाकड़ बल्लेबाज ने उनके सामने 46 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 46 पारियों में 57.30 की औसत और 96.01 की स्ट्राइक रेट से 2407 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 8 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 209 है, जो कि साल 2013 में बैंगलोर में बनाया था।
वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर आते हैं। उनसे आगे सिर्फ क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर और चेस मास्टर विराट कोहली का नाम आता है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर रोहित का रिकॉर्ड है बेमिसाल
रोहित ने ऑस्ट्रेलिया में 30 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 53.12 की औसत और 90.58 के स्ट्राइक रेट से 1328 रन बनाए हैं। यहीं नहीं, इस दौरान शर्मा ने 5 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 171 रन है, जो कि साल 2015-16 में पर्थ में बनाया था। वाका दुनिया की सबसे तेज पिच मानी जाती है। उसके बाद भी पूर्व कप्तान ने अपनी बल्लेबाजी का जादू दिखाया था।
ऑस्ट्रेलियाई धरती पर रोहित का रिकॉर्ड काफी शानदार है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौजूदा समय में जो भी खिलाड़ी खेल रहे हैं, उनमें उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर सबसे ज्यादा वनडे रन बना रखे हैं। वह क्रिकेट के दो फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे खेल रहे हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पहली बार टीम इंडिया की जर्सी में दिखेंगे रोहित
हाल ही में उनसे वनडे की कप्तानी भी छीन ली गई थी। जबकि उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार दो आईसीसी ट्रॉफी जीती थी। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वह पहली बार टीम इंडिया की जर्सी में खेलते हुए दिखाई देंगे। उन्हें एक बार फिर से खेलता हुआ देखने के लिए फैंस काफी बेताब हैं।







