रोहित शर्मा दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज़ों में से हैं। उन्होंने अपने बल्ले से टीम इंडिया को न जाने कितने मैच जिता रखे हैं। बड़ी टीमों के सामने तो वो अच्छा प्रदर्शन करने को आतुर ही रहते हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम क्रिकेट में सबसे सफल टीम मानी जाती है और जो भी उनके खिलाफ रन बनाता है, उसका अलग ही नाम होता है।
रोहित शर्मा शॉर्ट गेंद बहुत अच्छी खेलते हैं लेकिन कभी-कभी आपकी ताकत कमजोरी भी बन जाती है। ऑस्ट्रेलिया का दौरा हमेशा से ही भारतीय टीम के लिए कठिन माना जाता रहा है। क्योंकि वहां पर एशियन बल्लेबाज़ों को पेस और बाउंस दिक्कत देती है लेकिन यह बात भारत के वनडे कप्तान के ऊपर लागू नहीं होती है। उन्होंने 171 रन बनाकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों का धागा खोल दिया था।
रोहित शर्मा ने जड़े 171 रन

दरअसल, भारतीय टीम साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई हुई थी। दोनों टीमों के बीच पहला मैच पर्थ के वाका स्टेडियम में खेला जाना था। यहां की पिच तेज़ गेंदबाज़ों के लिए मुफ़ीद है और बल्लेबाज़ों के लिए खासी परेशानी खड़ी करती है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास भी अच्छे तेज़ गेंदबाज़ हैं। लेकिन जब रोहित शर्मा लय में होते हैं तो फिर उनके सामने सभी फीके लगते हैं।
शर्मा ने इस मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए 163 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके और 7 छक्कों की मदद से 171 रन ठोके थे। उन्होंने सिर्फ बाउंड्री की मदद से ही 94 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 107 का था।
रोहित और कोहली के चलते भारत ने बनाया बड़ा स्कोर
भारतीय कप्तान एम.एस. धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला लिया। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। शिखर धवन जल्दी ही पवेलियन लौट गए लेकिन रोहित और विराट ने एक बार फिर से हमेशा की तरह अपनी शानदार बल्लेबाज़ी शुरू की। दोनों बिना किसी जोखिम उठाए आराम से रन बना रहे थे। हालांकि उसके बाद शर्मा ने अपना गियर चेंज किया। कोहली ने भी 91 रन बनाए। भारतीय टीम ने 309 रन बनाए।
बरिंदर सरन ने दिलाई भारत को अच्छी शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया की टीम की भी शुरुआत काफ़ी खराब रही। डेब्यूडेंट बरिंदर सरन ने ऑस्ट्रेलिया के दोनों ओपनर्स एरॉन फिंच और डेविड वॉर्नर को सस्ते में पवेलियन भेज दिया। हालांकि उसके बाद भारत की नाक में दम करने वाले स्टीव स्मिथ और जॉर्ज बेली ने एक बार फिर से खूंटा गाड़ दिया। दोनों ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए शतक लगाया और हारा हुआ मैच अपनी टीम को जिता दिया।
स्मिथ और बेली के शतक के चलते ऑस्ट्रेलिया ने दर्ज की जीत
स्टीव स्मिथ ने 135 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 149 रन बनाए और उस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 110.37 का था। जॉर्ज बेली ने भी 120 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 112 रन बनाए थे। इन दोनों ने भारत के सभी गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की। बरिंदर सरन ने धारदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 5 विकेट खोकर सफलता हासिल कर ली।







