इस सीजन आईपीएल 2024 में हांलाकि हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया हो, लेकिन चर्चे तो रोहित शर्मा के ज्यादा हो रहे हैं। रोहित शर्मा इस सीजन में खराब शुरुआत के बाद अब अपने रंग में आने लगे हैं। मुंबई की कप्तानी से फ्री होने के बाद हिटमैन अब पूरी तरह से अपनी बैटिंग पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। मूल रूप से रोहित का ध्यान आगामी टी-20 विश्वकप पर है। बता दें कि इस वक्त रोहित शर्मा की उम्र 36 साल की है और ऐसे में माना जा सकता है कि वो अपने करियर के आखिरी पढ़ाव से गुजर रहे हैं। लेकिन एक इंटरव्यू के दौरान रोहित ने बताया कि उनका अभी संन्यास को कोई इरादा नहीं है। इस बात का जिक्र रोहित शर्मा ने पॉपुलर टॉक शो ‘ब्रेकफास्ट विद चैंपियन’ पर किया है।
मैं अभी रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोच रहा हूं- रोहित शर्मा
इस शो में जब रोहित शर्मा से उनके रिटायरमेंट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि, “मैंने अभी वास्तव में रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोचा है। लेकिन मैं नहीं जानता कि जिंदगी आपको कहां ले जाती है। मैं इस समय भी अच्छा खेल रहा हूं। इसलिए मैं सोच रहा हूं कि मैं कुछ साल और तक खेलना जारी रखूंगा और फिर मुझे नहीं पता। मैं वास्तव में विश्वकप जीतना चाहता हूं और 2025 में डब्यूटीसी फाइनल है, उम्मीद है कि भारत इसमें सफल होगा।”
ODI विश्वकप 2023 फाइनल हमारे लिए खराब दिन था- रोहित शर्मा
इसके रोहित से आईसीसी मेंस वनडे विश्वकप 2023 के फाइनल मैच के बारे में सवाल पूछा गया ? इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, “मेरे दिमाग में एक भी बात नहीं आई क्योंकि मुझे लगा कि हमने सभी मानकों पर करेक्ट टिक किया है। हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। हमारे भीतर आत्मविश्वास था। हम सभी का एक न एक दिन खराब होता है और मुझे लगता है कि वह हमारा बुरा दिन था। यह मत सोचिए कि हमने उस फाइनल में खराब क्रिकेट खेला, कुछ चीजें हमारे अनुकूल नहीं थीं। लेकिन ऑस्ट्रेलिया हमसे थोड़ा बेहतर था।”
गौरतलब है कि पिछले साल वनडे विश्वकप का फाइनल भारत में हुआ था। इस दौरान भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले जीते थे। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण मुकाबले फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद टीम सहित पूरे देश फैंस काफी दुखी नजर आए थे। इस शो में रोहित ने इस बारे में भी बात की। उन्होंने आगे कहा कि, “मेरे लिए 50 ओवर का विश्वकप वास्तविक विश्वकप है। हम उस विश्वकप को देखकर बड़े हुए हैं। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि ये भारत में हमारे घरेलू दर्शकों के सामने हो रहा था। हमने उस फाइनल तक बहुत अच्छा खेला। जब हमने सेमीफाइनल जीत लिया, मैंने सोचा कि अब हम बस एक कदम दूर हैं, हम सभी चीजें सही कर रहे हैं।”

