India and Australia ODI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 19 अक्टूबर से शुरू होगी। इस सीरीज में रोहित शर्मा के पास कई रिकॉर्ड बनाने का मौका है। लेकिन एक खास रिकॉर्ड है, जिसे तोड़ने के लिए उन्हें तीनों मैचों में अच्छे रन बनाने होंगे।
ये रिकॉर्ड भारत के पूर्व खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग से जुड़ा है। दरअसल, बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल वीरेंद्र सहवाग के नाम है। अगर रोहित इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो वो सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं और भारत के सबसे सफल ओपनरों की लिस्ट में शामिल हो सकते हैं।
सहवाग का वनडे रिकॉर्ड खतरे में
भारत के लिए ओपनर के रूप में सबसे ज्यादा रन अभी तक वीरेंद्र सहवाग ने बनाए हैं। उन्होंने 321 इंटरनेशनल मैचों में ओपनर के तौर पर 15,758 रन बनाए हैं। वहीं, रोहित शर्मा ने अब तक बतौर ओपनर 348 मैचों में 15,584 रन बनाए हैं। इसका मतलब है कि रोहित अब सहवाग से सिर्फ 174 रन पीछे हैं। अगर रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आने वाली वनडे सीरीज में 174 या उससे ज्यादा रन बना लेते हैं, तो वह भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ओपनर बन जाएंगे और सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद रोहित बन सकते हैं सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय ओपनर
रोहित शर्मा का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। उन्होंने वनडे फॉर्मेट में कंगारू टीम के खिलाफ कई बेहतरीन पारियां खेली हैं, जिनमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। अब तक रोहित ने कुल 273 वनडे मैच खेले हैं और 48 से ज्यादा के औसत से 11,168 रन बनाए हैं। इनमें 32 शतक और 58 अर्धशतक शामिल हैं।

सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके प्रदर्शन की बात करें, तो उन्होंने 57.30 के शानदार औसत से 2,407 रन बनाए हैं। इसमें 8 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या रोहित इस बार भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर पाते हैं और वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ पाते हैं या नहीं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय ओपनर
- वीरेंद्र सहवाग- 15758 रन
- रोहित शर्मा- 15584 रन
- सचिन तेंदुलकर- 5335 रन
- सुनील गावस्कर- 12258 रन
- शिखर धवन- 10867 रन







