Shafali Verma creates history with 87 run knock in INDW vs SAW Women’s World Cup 2025 Final: भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने महिला वर्ल्ड कप 2025 फाइनल में साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में शेफाली ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 78 गेंदों पर 87 रन बनाकर आउट हुईं। वह अपने पहले वर्ल्ड कप शतक से सिर्फ 13 रन दूर रह गईं।
शेफाली की तेज शुरुआत और आत्मविश्वास भरी बल्लेबाजी
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली ने बिल्कुल वैसी शुरुआत दी, जिसकी इस अहम मैच में जरूरत थी। उन्होंने शुरुआत से ही अफ्रीकी गेंदबाजों पर हमला किया और पॉवरप्ले में शानदार शॉट्स खेलकर रनगति को तेज बनाए रखा। शेफाली ने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 111.54 रही, जो फाइनल जैसे प्रेशर मैच में बेहद प्रभावशाली मानी जाएगी।
मंधाना के साथ शतकीय साझेदारी
शेफाली ने स्मृति मंधाना के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 104 रन की बड़ी साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने एक दूसरे का बेहतरीन साथ निभाया और टीम को मजबूत नींव दी। दोनों की साझेदारी के दौरान रन बनाने की गति कम नहीं हुई और 18वें ओवर में ही 100 रनों का आंकड़ा पार हो गया। स्मृति के 45 रन बनाकर आउट होने के बाद भी शेफाली ने रनगति को बनाए रखा।
महिला वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाली बल्लेबाज बनीं शेफाली वर्मा
हालांकि, भले ही शेफाली वर्मा इस मुकाबले में ऐतिहासिक शतक नहीं बना सकी हैं, लेकिन उन्होंने इस पारी के साथ 8 सालों पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड जरूर तोड़ दिया। शेफाली अब 87 रनों के साथ महिला वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूनम राउत के नाम था, जिन्होंने महिला वर्ल्ड कप 2017 फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 115 गेंदों पर 86 रन बनाए थे।
INDW vs SAW Final: शेफाली वर्मा के आउट होने तक मैच का हाल
शेफाली वर्मा इस मैच में आयाबोंगा खाका द्वारा फेंके जा रहे 27वें ओवर की 5वीं गेंद पर 87 रन बनाकर कैच आउट हुईं। उस समय भारत का स्कोर 166 रन था और टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी। लेकिन इसके बाद सेमीफाइनल मैच में शतक जड़कर टीम को फाइनल तक पहुंचाने वाली जेमिमाह रोड्रिग्स (37 गेंदों में 24 रन) 30वें ओवर की 5चौथी गेंद पर कैच आउट होकर पवेलियन लौट गईं।
खबर लिखे जाने तक, भारतीय महिला टीम 35 ओवरों में 3 विकेट गंवाकर 200 रन बना चुकी थी। इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर (14 रन) एवं दीप्ति शर्मा (17 रन) क्रीज पर मौजूद थीं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

