Most Runs by Indian Players in a Single Women’s Cricket World Cup Edition Ft. Smriti Mandhana: महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 (ICC Women’s World Cup 2025) भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। इस टूर्नामेंट में उन्होंने अपनी बैटिंग में कमाल की निरंतरता और क्लास दिखाते हुए एक महिला वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बनने की उपलब्धि हासिल की। मंधाना ने भारतीय महिला टीम और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच खेले जा रहे फाइनल (INDW vs SAW Final) मुकाबले में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इससे पहले कई सालों तक एक महिला वर्ल्ड कप में मिताली राज सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज थीं, लेकिन मंधाना ने वर्ल्ड कप 2025 में उन्हें पीछे छोड़ते हुए भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास में बड़ा मुकाम हासिल किया। भारतीय महिला टीम की ओर से कई खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किए हैं और कुछ ने एक पूरे संस्करण में लगातार रन बनाकर खास पहचान बनाई है। आइए एक नजर डालते हैं उन भारतीय बल्लेबाजों पर, जिन्होंने एक महिला वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
ये हैं एक महिला वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज
4. हरमनप्रीत कौर – 359 रन (महिला वर्ल्ड कप 2017)
हरमनप्रीत कौर ने 2017 वर्ल्ड कप में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे महिला क्रिकेट इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 9 मैचों की 8 पारियों में 59.83 की औसत और 95.47 की स्ट्राइक रेट से 359 रन बनाए थे, जिसमें उनका सबसे खास योगदान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 171* रनों की वो यादगार पारी रही, जिसने भारत को फाइनल में पहुंचाया था। हरमनप्रीत ने उस टूर्नामेंट में दो अर्धशतक भी लगाए थे।
3. पूनम राउत – 381 रन (महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2017)
पूनम राउत ने 2017 वर्ल्ड कप में अपनी क्लासिक बैटिंग के दम पर 9 मैचों में 381 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए। उनकी बल्लेबाजी का औसत 42 से ज्यादा रहा और कई मुकाबलों में उन्होंने टॉप ऑर्डर में धैर्य और संवेदनशीलता के साथ अहम साझेदारियां निभाई थी।
2. मिताली राज – 409 रन (महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2017)
भारतीय क्रिकेट की दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज ने महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में बेहतरीन लीडरशिप के साथ शानदार बल्लेबाजी भी की थी। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 9 मैचों में 45.44 की औसत से 409 रन बनाए थे और एक शतक के अलावा तीन अर्धशतक भी जमाए थे। उन्होंने अहम मौकों पर कप्तानी के साथ टीम को संभालने का काम किया। मिताली का योगदान भारत को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी वजह रहा था।
1. स्मृति मंधाना – 434 रन (महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025)
स्मृति मंधाना ने वर्ल्ड कप 2025 में 9 मैच खेलते हुए 54.25 की औसत से 434 रन बनाए। इसी के साथ वह एक महिला वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गईं। मंधाना ने इस टूर्नामेंट में एक शतक और दो अर्धशतक लगाए। इस टूर्नामेंट में उनकी सबसे बड़ी पारी 109 रन की रही और कई मुकाबलों में उन्होंने भारत को तेज शुरुआत दी। फाइनल में भी उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

