Shafali Verma Joins Elite Indian List with Player of the Match in ICC Final: भारतीय महिला क्रिकेट में कई खिलाड़ियों ने अलग-अलग मौकों पर शानदार प्रदर्शन करके देश को गौरवान्वित किया है, लेकिन Women’s World Cup 2025 के फाइनल ने एक ऐसा पल दिया, जिसने भारतीय फैंस को गर्व से भर दिया। इस मैच ने एक नए सितारे को उस ऊंचाई पर पहुंचा दिया, जिसे हर खिलाड़ी हासिल करने का सपना देखता है। यह नाम है शेफाली वर्मा।
जिस खिलाड़ी को इस वर्ल्ड कप की शुरुआत में जगह मिलने की संभावना तक बेहद कम थी, वही आगे चलकर विश्व मंच पर भारत का नाम रौशन करने वाली सबसे चमकदार चेहरा बन गईं। बता दें कि, जब महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 भारतीय महिला वनडे टीम की घोषणा हुई थी, उस समय किसी को उम्मीद तक नहीं थी कि शेफाली वर्मा इस टूर्नामेंट में खेलते हुए दिखाई देंगी, क्योंकि उनकी फॉर्म और चयन को लेकर सवाल खड़े हुए थे।
टीम में जगह मिलना नहीं था आसान
शेफाली वर्मा को Women’s World Cup 2025 की भारतीय स्क्वॉड में तब जगह मिली, जब टीम की रेगुलर ओपनर प्रतिका रावल चोटिल होकर बाहर हो गईं। इसके बाद चयन समिति ने कई विकल्पों पर विचार करने के बाद अंतिम समय पर शेफाली को टीम में शामिल किया। सेमीफाइनल में इस टूर्नामेंट का अपना पहला मैच खेल रही शेफाली से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह उस मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं।
हालांकि, फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में उन्होंने जिस तरह अपना धैर्य और मैच अवेयरनेस दिखाया, उसने यह साफ कर दिया कि वह बड़े मंच की खिलाड़ी हैं। फाइनल में दबाव बेहद अधिक था और साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी भी मजबूत थी, लेकिन शेफाली ने अपनी सोच को सकारात्मक रखते हुए टीम के लिए अहम पारी खेली।
फाइनल में चमकीं शेफाली और बना डाला इतिहास
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए Women’s World Cup 2025 Final में शेफाली ने अपने करियर की सबसे यादगार और मैच जिताने वाली पारी खेली। इस मैच में शेफाली ने 87 रनों की शानदार और समझदारी भरी पारी खेली, जिसने भारत के लिए मजबूत नींव तैयार की।
शेफाली ने सिर्फ बल्लेबाजी में ही नहीं, बल्कि गेंदबाजी में भी अहम योगदान दिया। उन्होंने 2 विकेट लेकर मैच को भारत की तरफ मोड़ने में बड़ी भूमिका निभाई। यह ऑलराउंड प्रदर्शन टीम इंडिया की जीत का आधार साबित हुआ और इसी दम पर उन्हें Player of the Match चुना गया।
यह उपलब्धि इसलिए भी ऐतिहासिक है, क्योंकि वह किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। इसके अलावा, पुरुष और महिला मिलाकर वह ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की केवल 7वीं खिलाड़ी बनी हैं।
भारत की तरफ से आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में Player of the Match अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी
- मोहिंदर अमरनाथ – वर्ल्ड कप 1983
- इरफान पठान – टी20 वर्ल्ड कप 2007
- एमएस धोनी – वर्ल्ड कप 2011
- रविंद्र जडेजा – चैंपियंस ट्रॉफी 2013
- विराट कोहली – टी20 वर्ल्ड कप 2024
- रोहित शर्मा – चैंपियंस ट्रॉफी 2025
- शेफाली वर्मा – महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

