आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी और फेमस क्रिकेट लीग है। इसमें दुनिया भर के खिलाड़ी खेलते हैं और इसमें अच्छा करके अपना नाम बनाते हैं, जिसके बाद उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने का मौका मिलता है। हालांकि सभी खिलाड़ी जो आईपीएल में धमाल मचाते हैं, वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अच्छा नहीं कर पाते हैं। ऐसे ही एक भारतीय खिलाड़ी आईपीएल में लगातार रनों का ढेर लगाते हैं, लेकिन टी20 इंटरनेशनल में कुछ नहीं कर पाते हैं।
टी20 में लगातार फ्लॉप हो रहे हैं गिल

यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे के कप्तान तथा टी20 के उपकप्तान शुभमन गिल हैं। उन्होंने आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम गुजरात टाइटंस को प्लेऑफ में पहुंचाने में सफल हुए थे, लेकिन उसके बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट में जब भी उन्हें मौका मिला है तो वे कुछ खास नहीं कर पाए हैं।
गिल को लगातार टी20 क्रिकेट में गौतम गंभीर मौके दे रहे हैं, लेकिन वे उन्हें भुनाने में सफल नहीं हो रहे हैं। साउथ अफ्रीका सीरीज के दोनों मैचों में वे फ्लॉप हो गए हैं। उसके बाद भी उनकी जगह पर कोई खतरा नहीं है।
बहुत खराब रहे हैं गिल के टी20 में आंकड़े
गिल को एशिया कप के बाद से लगातार टीम में जगह दी जा रही है, लेकिन वे इक्का-दुक्का पारियों को छोड़ दें तो हर बार फ्लॉप हुए हैं। भारतीय उपकप्तान ने इस साल 14 टी20 मैच में 23.90 की औसत और 142 के स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से कोई भी बड़ी पारी नहीं निकली है। वे एक भी अर्धशतक और शतक लगाने में सफल नहीं हुए हैं।
आईपीएल में जमकर बोला था गिल का बल्ला
शुभमन गिल ने इसी साल आईपीएल में धमाल मचाया है और रन बनाने के मामले में टॉप 7 में थे। गुजरात के कप्तान ने अपनी बल्लेबाजी के दम पर टीम को प्लेऑफ में ले जाने में सफलता पाई थी। उन्होंने इस सीजन खेले 15 मैचों में 50.00 की औसत और 155 की स्ट्राइक रेट से 650 रन बनाए हैं। उन्होंने सिर्फ एक पारी ज्यादा खेली है और उसमें उनके 387 रन ज्यादा बने थे।
3 शतक लगाने के बाद भी संजू को किया गया टीम से ड्रॉप
शुभमन गिल को लगातार बैकिंग दी जा रही है। उनकी जगह पर कोई खतरा न हो, इसलिए उन्हें टी20 फॉर्मेट में उपकप्तान बना दिया गया है। उनके चक्कर में इंडिया की सफल ओपनिंग जोड़ी को तोड़ना पड़ा है। संजू और अभिषेक ने बहुत रन बनाए थे, लेकिन शुभमन के आने के चक्कर में संजू को टीम से बाहर कर दिया गया। संजू ने ओपनिंग करते हुए 3 शतक भी लगाए थे।







