SL vs IND 3rd ODI: When did Sri Lanka last win the ODI series against India?
श्रीलंका और भारत के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला (SL vs IND 3rd ODI) कोलम्बो में खेला जाने वाला है। इस मुकाबले में भारतीय टीम किसी भी हाल में जीत हासिल करना चाहेगी, ताकि यह सीरीज बराबरी पर समाप्त हो सके। अब तक खेले गए दो मुकाबलों में भारतीय टीम इस सीरीज में 0-1 से पीछे है।

सीरीज में अब तक खेले गए पिछले दो मैचों पर नजर डालें तो, पहले मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 230/9 का स्कोर बनाया था और वह मुकाबला टाई हो गया था, क्योंकि भारतीय टीम 230 के स्कोर पर सिमट गई थी। इसके बाद दूसरे मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर 240 रन बनाए। इस मुकाबले में भारतीय टीम 208 रन बनाकर आलआउट हो गई थी, जिसके चलते उन्हें 32 रनों से हार झेलनी पड़ी।
बतौर मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के लिए यह उनका पहला वनडे सीरीज है और इस सीरीज में भारतीय टीम अब तक 0-1 से पिछड़ी हुई है। पिछले दोनों ही मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह से बेअसर दिखी है। हालाँकि, रोहित शर्मा और अक्षर पटेल ने दोनों मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन अन्य बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुए।

दाँव पर लगी है भारत की वर्षों पुरानी साख
भारतीय बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन और श्रीलंका के स्पिन गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम की वर्षों पुरानी साख दाँव पर लगी है। कई वर्षों बाद भारत 3 मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों के बाद 0-1 से पिछड़ी है और हारने के कगार पर खड़ी है।
SL vs IND 3rd ODI: श्रीलंका ने आखिरी बार भारत के खिलाफ कब जीती थी वनडे सीरीज?
बता दें कि, भारतीय टीम पिछले 27 वर्षों से श्रीलंका के खिलाफ कोई भी द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं हारी है। भारत को आखिरी बार श्रीलंका के खिलाफ 1997 में किसी वनडे सीरीज में हार का सामना करना पडा था, जब अर्जुन राणातुंगा की कप्तानी वाली टीम ने सचिन तेंदुलकर की कप्तानी वाली टीम को 4 मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से करारी मात दी थी।
श्रीलंका के खिलाफ पिछले 11 वनडे सीरीज में अजेय रही है टीम इंडिया

साल 1997 में श्रीलंका से हार झेलने के बाद से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 11 वनडे सीरीज खेले हैं और सभी सीरीजों में जीत हासिल की है। अब दोनों टीमें 12वीं बार एक-दूसरे के खिलाफ सीरीज खेल रहीं हैं, जिसमें भारत का यह सिलसिला टूट सकता है। लेकिन भारतीय टीम किसी भी हाल में अंतिम वनडे में जीत हासिल करके अपने अजेय रथ को आगे बढ़ाना चाहेगी।







