सनातन प्रीमियर लीग का तीसरा मुकाबला गुजरात सरदार वल्लभभाई पटेल लायंस बनाम रानी लक्ष्मीबाई स्ट्राइकर्स के बीच इंदौर के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेला गया। यूपी की टीम मात्र 45 रनों पर ऑलआउट हो गई और राजस्थान ने 59 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गुजरात ने टॉस जीतकर किया बल्लेबाजी का फैसला
गुजरात के कप्तान अभिषेक प्रसाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुरुआती दोनों मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते थे, जिसके चलते उन्होंने भी यह निर्णय लिया था। उनके ओपनर कप्तान के फैसले पर बिल्कुल खरे भी साबित हुए। खासकर प्रशांत ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की, जिसके चलते यूपी के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगड़ गई।
ओपनरों ने दी ताबड़तोड़ शुरुआत
2 ओवरों के पावरप्ले में ही गुजरात ने 25 रन बना लिए थे। प्रशांत की आक्रामक बल्लेबाजी का किसी भी खिलाड़ी के पास कोई जवाब नहीं था। 5वें ओवर में गुजरात को 52 रनों के स्कोर पर पहला झटका लगा, जब अभिषेक प्रसाद 13 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हो गए। प्रशांत के ऊपर विकेट गिरने का कोई फर्क नहीं पड़ा और वो उसी अंदाज में खेल रहे थे।
प्रशांत ने जड़ा एसपीएल का पहला अर्धशतक

प्रशांत ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया और सनातन प्रीमियर लीग में ऐसा करने वाले वो पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। वो 31 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात की टीम एक बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर थी, लेकिन आखिरी ओवर में हरेंद्र ने टीम हैट्रिक लेकर उन्हें रोक दिया। आखिरी ओवर में तेज गेंदबाज ने मात्र 7 रन दिए और टीम सिर्फ 104 रन ही बना सकी।
गुजरात की गेंदबाजी के आगे यूपी ने किया सरेंडर
उत्तर प्रदेश की टीम को जीत के लिए 105 रनों की जरूरत थी। यह लक्ष्य उनके लिए काफी मुश्किल होने वाला था। क्योंकि, कोई भी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए एक भी मैच नहीं हारी थी और इस बार तो टोटल भी बड़ा था।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। नवीन ने पहले ही ओवर में सौरभ को खाता खोले बिना ही आउट कर दिया और अगली ही गेंद पर सिद्धार्थ को भी चलता कर दिया। तीसरे ही ओवर में उत्तर प्रदेश के 4 विकेट मात्र 9 रन पर पवेलियन लौट चुके थे।
गुजरात ने दर्ज की बड़ी जीत

गुजरात के गेंदबाज लगातार उत्तर प्रदेश के बल्लेबाजों पर सिकंजा कस्ते जा रहे थे और वो उसी दबाव में आकर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट दे रहे थे। लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज नवीन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पंजा खोला और वो फाइफर लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। यूपी की टीम मात्र 45 रनों पर ऑलआउट हो गयी और गुजरात ने 59 रन से मैच जीत लिया।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







