Sunil Chhetri Comes Out of Retirement: भारतीय फुटबॉल के सबसे बड़े सितारों में से एक सुनील छेत्री ने अपने संन्यास के फैसले को वापस लेते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में वापसी करने का ऐलान किया है। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। छेत्री की वापसी से भारतीय फुटबॉल फैंस के बीच उत्साह का माहौल है। वह मार्च 2025 में होने वाली FIFA इंटरनेशनल विंडो के तहत भारतीय टीम के लिए फिर नीली जर्सी में नजर आएंगे।
पिछले साल जून में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने वाले 40 वर्षीय छेत्री ने टीम की जरूरत को देखते हुए फिर से मैदान पर लौटने का फैसला किया है। उनकी वापसी से भारत की AFC एशियन कप 2027 क्वालीफायर्स में क्वालीफाई करने की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं।
बता दें कि, छेत्री ने जून 2024 में कुवैत के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर्स के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की थी। हालांकि, उन्होंने क्लब फुटबॉल में बेंगलुरु एफसी के लिए खेलना जारी रखा था।
AIFF ने अनोखे अंदाज में किया सुनील छेत्री का स्वागत
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर भारतीय फुटबॉल दिग्गज सुनील छेत्री की वापसी पर धमाकेदार अंदाज में स्वागत किया।
AIFF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “कप्तान, लीजेंड, लीडर… सुनील छेत्री मार्च में FIFA इंटरनेशनल विंडो के लिए भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं।”
𝐒𝐔𝐍𝐈𝐋 𝐂𝐇𝐇𝐄𝐓𝐑𝐈 𝐈𝐒 𝐁𝐀𝐂𝐊. 🇮🇳
The captain, leader, legend will return to the Indian national team for the FIFA International Window in March.#IndianFootball ⚽ pic.twitter.com/vzSQo0Ctez
— Indian Football Team (@IndianFootball) March 6, 2025
मार्च 2025 में अपना कमबैक मैच खेलेंगे छेत्री
संन्यास से वापसी के बाद सुनील छेत्री अपना पहला अन्तर्राष्ट्रीय मुकाबला 25 मार्च 2025 को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेंगे। यह मैच शिलॉन्ग के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस दौरान दो क्वालिफाइंग मुकाबले खेलेगी।
बता दें कि, भारत को क्वालीफाइंग ग्रुप में बांग्लादेश, हांगकांग (चीन) और सिंगापुर के साथ रखा गया है। पिछली बार भारत को एशियन कप के ग्रुप स्टेज में सभी मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी थी।
भारतीय फुटबॉल में छेत्री की विरासत
सुनील छेत्री भारतीय फुटबॉल इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने भारत को नेहरू कप (2007, 2009, 2012) और SAFF चैंपियनशिप (2011, 2015, 2021) जिताने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी कप्तानी में भारत ने 2008 AFC चैलेंज कप जीतकर 27 साल बाद पहली बार एशियन कप के लिए क्वालीफाई किया था।
छेत्री ने अब तक अपने क्लब और देश के लिए 515 मुकाबलों में 252 गोल किए हैं। उनकी शानदार उपलब्धि को FIFA ने ‘कैप्टन फैंटास्टिक’ नाम की डॉक्यूमेंट्री में भी सेलिब्रेट किया था।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

