Tuesday, March 3

आकाश चोपड़ा ने याद दिलाया कि पांच वर्ल्ड कप खेल चुके सूर्यकुमार यादव ने बड़ी टीमों के खिलाफ सिर्फ दो अर्धशतक लगाए हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल से ठीक पहले टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर एक अहम चर्चा शुरू हो गई है। भारत रिकॉर्ड छठी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है, लेकिन पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कप्तान के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए एक चिंता सामने रख दी है।

सूर्यकुमार यादव इस टूर्नामेंट में अब तक 7 मैचों में 231 रन बना चुके हैं। यूएसए के खिलाफ 49 गेंदों पर 84* रनों की शानदार पारी ने टीम को मजबूत शुरुआत दी थी। हालांकि, उसके बाद से उनके बल्ले से कोई अर्धशतक नहीं आया और स्ट्राइक रेट में भी गिरावट देखने को मिली है।

बड़ी टीमों के खिलाफ आंकड़े क्यों चिंता का विषय

आकाश चोपड़ा ने अपने विश्लेषण में कहा, “जब आप सूर्यकुमार यादव के वर्ल्ड कप आंकड़े देखते हैं तो कुल मिलाकर नंबर अच्छे लगते हैं। उन्होंने अमेरिका के खिलाफ दो अर्धशतक लगाए, जिनमें से एक बेहद अहम था। लेकिन सहयोगी टीमों को छोड़ दें तो बड़ी टीमों के खिलाफ उनके नाम सिर्फ दो अर्धशतक हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह उनका चौथा टी20 वर्ल्ड कप है। अगर वनडे वर्ल्ड कप को भी जोड़ लें तो यह उनका पांचवां वर्ल्ड कप है। लेकिन बड़ी टीमों के खिलाफ सिर्फ दो फिफ्टी आई हैं। एक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पर्थ में और दूसरी पिछले वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ। इसके अलावा किसी बड़ी टीम के खिलाफ अर्धशतक नहीं आया है। मेरे हिसाब से यह थोड़ा चिंताजनक है, क्योंकि वह इतने बड़े खिलाड़ी हैं।”

चोपड़ा का इशारा साफ है कि बड़े मुकाबलों में कप्तान से बड़ी पारी की उम्मीद की जाती है, खासकर तब जब टीम नॉकआउट स्टेज में पहुंच चुकी हो।

इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान की परीक्षा

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। पिछले दो संस्करणों में दोनों टीमों के बीच सेमीफाइनल का इतिहास खास रहा है। 2022 में इंग्लैंड ने भारत को हराया था, जबकि 2024 में भारत ने बदला लेते हुए ट्रॉफी अपने नाम की थी।

इस बार कप्तानी की जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव के कंधों पर है। वह टीम को तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब दिलाने से सिर्फ दो कदम दूर हैं। लेकिन सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर उनसे एक निर्णायक पारी की उम्मीद रहेगी।

आंकड़े अपनी जगह हैं, लेकिन बड़े खिलाड़ी अक्सर बड़े मैचों में ही कहानी बदलते हैं। अब देखना यह है कि क्या सूर्यकुमार यादव इंग्लैंड के खिलाफ उस इंतजार को खत्म कर पाते हैं या नहीं।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version