T20 World Cup: टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। वहीं इन दोनों टीमों के बीच यह फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। इस खिताबी मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से करारी हार दी थी।
इसके अलावा साल 2007 और 2024 के बाद अब तीसरी बार भारतीय क्रिकेट टीम इस खिताब को जीतने में सफल रही है। वहीं इस खिताबी जीत में भारतीय बल्लेबाजों की भी अहम भूमिका रही है। इसके अलावा आइए एक संस्करण में 300 से अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के बारे में भी एक बार जान लेते हैं।
1. विराट कोहली : 319 रन, साल 2014 :-
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस मौजूदा समय में टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं। जबकि अभी तक भी वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं।

क्यूंकि उन्होंने साल 2014 के संस्करण में कुल 6 मैचों में खेलते हुए 106.33 की शानदार बल्लेबाजी औसत से 319 रन बनाए थे। लेकिन उस संस्करण में भारतीय टीम फाइनल मैच में श्रीलंका की टीम से हारकर उपविजेता रही थी। वहीं इसके अलावा अभी तक भी वह 3 टी-20 विश्व कप संस्करणों में 250+ रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज बने हुए हैं।
2. संजू सैमसन : 321 रन, साल 2026 :-
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को इस टी 20 विश्व कप 2026 टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में भारत की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था। लेकिन इसके बाद जब भी उनको टीम में मौका मिला तो उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया था। इस संस्करण में उन्होंने कुल 5 मैच खेले हैं।

वहीं इन मैचों में खेलते हुए उन्होंने इनकी 5 पारियों में 80.25 की शानदार बल्लेबाजी औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए हैं। जबकि इस बीच उनके बल्ले से हमें 3 अर्धशतक भी देखने को मिले हैं। वहीं इस संस्करण में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद रहते हुए 97 रन का रहा है। जबकि इस संस्करण में उनसे ज्यादा रन सिर्फ टिम साइफर्ट (326) और साहिबजादा फरहान (383) के बल्ले से आए थे।
इस विशेष सूची में भी शामिल हुए संजू सैमसन :-

भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन अब उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं जो टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुने गए हैं। वहीं उनसे पहले यह कारनामा केवल केविन पीटरसन (2010), डेविड वार्नर (2021), सैम कर्रन (2022) और जसप्रीत बुमराह (2024) ने ही किया था।
3. ईशान किशन : 317 रन, साल 2026 :-
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी ईशान किशन ने फाइनल मैच में काफी शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (54) लगाया था। वहीं इस फाइनल मैच में उन्होंने सैमसन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी निभाई थी।

इसके अलावा उन्होंने इस संस्करण में कुल 9 पारियों में खेलते हुए 35.22 की बल्लेबाजी औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट के साथ 317 रन बनाए थे। जबकि इस संस्करण में उनके बल्ले से 3 अर्धशतक भी आए हैं। वहीं इस संस्करण में उनका सर्वोच्च स्कोर 77 रन का रहा था। इसके अलावा उन्होंने साल 2026 के संस्करण में 18 छक्के और 33 चौके भी लगाए थे।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







