Wednesday, March 4

हार्दिक पांड्या और ग्लेन मैक्सवेल व्हाइट बॉल क्रिकेट में दुनिया के दो सबसे खतरनाक ऑलराउंडर हैं। वो अपने दम पर बल्ले और गेंद से मैच जीतने की क्षमता रखते हैं।

पहले भी उन्होंने अकेले अपनी टीम को मैच जिताया है। दोनों जब लय में होते हैं तो बड़े से बड़ा गेंदबाज भी उनके सामने गेंदबाजी करने से डरता है। हालाँकि दोनों की बैटिंग स्टाइल बहुत हद तक सेम है लेकिन थोड़ा अंतर भी है।

मैक्सवेल और हार्दिक हैं दमदार खिलाड़ी

Glenn Maxwell Vs Hardik Pandya T20 World Cup Stats Comparision
Glenn Maxwell Vs Hardik Pandya T20 World Cup Stats Comparision

मैक्सवेल 360 डिग्री प्लेयर हैं जो फील्ड के किसी भी कोने पर शॉट्स लगाने की क्षमता रखते हैं। इसके साथ ही वो अपनी पावर का भरपूर इस्तेमाल करके डाउन द ग्राउंड छक्के लगाते हैं।

हार्दिक पांड्या थोड़ा ऑर्थोडॉक्स पावर हिटर हैं जो कि अपनी ताकत का इस्तेमाल करके वी में खेलते हैं और वहीं पर सिक्स लगाते हैं। दोनों भले ही थोड़ा अलग खेलते हों लेकिन नतीजे उन्हें मिलते हैं।

दोनों गेंद और बल्ले से मैच जिताने की रखते हैं क्षमता

मैक्सवेल और हार्दिक गेंदबाजी में भी अहम भूमिका निभाते हैं। दोनों की खासियत यह है कि वो किसी भी फेज़ में गेंदबाजी कर सकते हैं। पिछले कुछ समय में मैक्सी ने अपनी गेंदबाजी में सुधार किया है, जिसका नतीजा यह है कि वो अब सिर्फ रन बचाने वाले गेंदबाज नहीं रहे हैं बल्कि विकेट निकालना भी उन्हें आता है। हार्दिक पांड्या शुरुआत से ही विकेट टेकिंग बॉलर रहे हैं, भले ही उन्हें कुछ रन पड़ जाएँ लेकिन वो हमेशा विकेट लेने के लिए जाते हैं।

2016 में पहली बार खेला था टी20 वर्ल्ड कप

हार्दिक ने साल 2016 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेला था और उसके बाद से वो हर टूर्नामेंट में खेले हैं। उन्होंने गेंद और बल्ले से सभी को प्रभावित भी किया है। टीम इंडिया को पिछले टी20 वर्ल्ड कप जिताने में सबसे बड़ा योगदान उन्हीं का था।

हार्दिक ने पहले वेल सेट क्लासेन को आउट करके साउथ अफ्रीका का मोमेंटम तोड़ा था और उसके बाद अंतिम ओवर में मिलर का विकेट लेकर कप भारत को जिताया था।

शानदार है हार्दिक की टी20 वर्ल्ड कप में परफॉर्मेंस

हार्दिक ने 24 मैचों की 16 पारियों में 29.75 की औसत और 142.23 के स्ट्राइक रेट से 357 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 63 रन रहा है। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 21 पारियों में 21.66 की औसत और 15.25 के स्ट्राइक रेट तथा 8.52 की इकॉनमी से 24 विकेट लिए हैं। उनकी बेस्ट परफॉर्मेंस 20 रन देकर 3 विकेट है।

मैक्सवेल ने टी20 वर्ल्ड कप में साल 2012 में अपना पहला मैच खेला था। उसके बाद से वो हर टूर्नामेंट में खेले हैं। कई बार उन्होंने अच्छा किया जबकि कुछ बार खराब प्रदर्शन भी किया है। साल 2021 में यूएई में हुए टी20 वर्ल्ड कप जिताने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।

अच्छा रहा है मैक्सवेल का प्रदर्शन

मैक्सवेल ने टी20 वर्ल्ड कप में 31 मैच खेले हैं, जिनकी 27 पारियों में 27.52 की औसत और 146.32 के स्ट्राइक रेट से 578 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 3 पचासों के साथ बेस्ट स्कोर 74 रन निकला था।

वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 25 पारियों में 34.66 की औसत और 27.08 के स्ट्राइक रेट के साथ-साथ 7.68 की इकॉनमी से 12 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट प्रदर्शन 14 रन देकर 2 विकेट है।

दोनों का प्रदर्शन है लगभग समान

मैक्सवेल और हार्दिक पांड्या का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन लगभग समान है। मैक्सी को बल्लेबाजी में थोड़ा सा एज है तो वहीं हार्दिक गेंदबाजी में उनसे आगे हैं। अगर बल्लेबाजी में किसी एक को चुनना है तो वो मैक्सवेल हो सकते हैं जबकि गेंदबाजी में हार्दिक को लिया जा सकता है।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version