IND vs SA, T20 World Cup 2024 Final
बारबाडोस में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 रनों से हराकर खिताबी जीत हासिल की। भारत ने दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता, जबकि पहली बार फाइनल खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीका को निराशा हाथ लगी।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए थे 176/6 का स्कोर

भारत ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर 176/6 का स्कोर बनाया, जिनमें विराट कोहली ने 59 गेंदों पर 76 रनों का सबसे बड़ा योगदान दिया। उनके अलावा, अक्षर पटेल ने 31 गेंदों पर 47 रन और शिवम दुबे ने 16 गेंदों पर 27 रनों की प्रभावशाली पारियां खेली।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से एनरिक नॉर्किया ने 4 ओवरों में मात्र 26 रन और केशव महाराज ने 3 ओवरों में 23 रन खर्च करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा, कगिसो रबाडा और मार्को यांसिन को भी 1-1 सफलता मिली।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका के जबड़े से छीनी जीत

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने इस मुकाबले में बीच के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी की। हेनरिक क्लासेन के 27 गेंदों पर 52 रनों की पारी के चलते उन्हें अंतिम 30 गेंदों पर जीत के लिए मात्र 30 रनों को दरकार थी, लेकिन जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या की खतरनाक गेंदबाजी ने भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। इस मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम 20 ओवरों में 169 रन ही बना सकी और उन्हें 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
भारत के तेज गेंदबाजों ने की शानदार गेंदबाजी

बारबाडोस में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मैच में भारत के तेज गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका के जबड़े से जीत छीनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हार्दिक पांड्या ने अपने 3 ओवरों के स्पेल में मात्र 20 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए, जिसमें हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर का महत्वपूर्ण विकेट भी शामिल रहा।

उनके अलावा, अर्शदीप सिंह ने 4 ओवरों में 20 रन और जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवरों में मात्र 18 रन खर्च करते हुए 2-2 विकेट चटकाए। उनके अलावा, भारत के सभी स्पिन गेंदबाज बेहद महंगे साबित हुए। कुलदीप यादव ने 4 ओवरों में 0/45, अक्षर पटेल ने 4 ओवरों में 1/49 और रविंद्र जडेजा ने 1 ओवर में 0/12 का महंगा स्पेल फेंका।

