Tuesday, February 17

आयरलैंड और जिम्बाब्वे के होने वाला मैच बिना गेंद फेंके ही रद्द हुआ, जिससे जिम्बाब्वे को सुपर 8 में जगह मिल गई और ऑस्ट्रेलिया बाहर हो गया।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप B मुकाबले में आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच पललेकले में खेला जाने वाला मैच बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। पूरे दिन खराब मौसम बना रहा और लगातार बारिश के चलते मैदान खेलने लायक नहीं हो सका।

अंत में अंपायरों ने दोनों कप्तानों से बातचीत के बाद मैच को रद्द घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों को एक एक अंक दे दिया गया।

जिम्बाब्वे को मिला सबसे बड़ा फायदा

इस रद्द मुकाबले से सबसे बड़ा फायदा जिम्बाब्वे को हुआ। उन्हें एक अंक मिलते ही उनके कुल पांच अंक हो गए और वह ग्रुप B में दूसरे स्थान पर पहुंचकर सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर गए।

जिम्बाब्वे ने इससे पहले अपने दो मैच जीते थे और यह अतिरिक्त अंक उनके लिए निर्णायक साबित हुआ। अब सुपर 8 में उनका मुकाबला भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों से होगा।

ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर

जिम्बाब्वे के क्वालीफाई करते ही ऑस्ट्रेलिया की आगे बढ़ने की उम्मीदें खत्म हो गईं और टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। 2009 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है, जब ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप के लीग चरण से आगे नहीं बढ़ सका।

ऑस्ट्रेलिया के पास अब अंक तालिका में जिम्बाब्वे को पीछे छोड़ने का कोई मौका नहीं बचा, इसलिए उनका अभियान यहीं समाप्त हो गया।

आयरलैंड भी हुआ बाहर

इस मैच के रद्द होने से आयरलैंड को भी कोई खास फायदा नहीं मिला और वह भी टूर्नामेंट से बाहर हो गया। टीम के चार मैचों में केवल तीन अंक रहे और वह सुपर 8 की दौड़ से बाहर हो गई। आयरलैंड को इस मैच में जीत की सख्त जरूरत थी, लेकिन बारिश ने उनकी उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया।

ग्रुप B की स्थिति साफ

इस नतीजे के बाद ग्रुप B से श्रीलंका और जिम्बाब्वे सुपर 8 में पहुंचने वाली दो टीमें बन गई हैं। श्रीलंका पहले ही तीन जीत के साथ शीर्ष स्थान पर था, जबकि जिम्बाब्वे दूसरे स्थान पर पहुंच गया।

दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड और ओमान का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया। इस तरह बारिश ने टूर्नामेंट की तस्वीर पूरी तरह बदल दी और एक मैच खेले बिना ही नतीजा तय हो गया।

T20 World Cup 2026 Group B Points Table
T20 World Cup 2026 Group B Points Table/ SS Courtesy: ESPNCricinfo

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version