टी20 वर्ल्ड कप के अब तक 9 एडिशन खेले जा चुके हैं, जिसमें कई यादगार परफॉर्मेंस देखने को मिली हैं। इसी के साथ कई नेल-बाइटिंग मैच भी हुए हैं। कुछ मैचों में खिलाड़ियों ने अकेले दम पर मैच पलट कर रख दिया है।
जैसे-जैसे टी20 आगे बढ़ रहा है, इसमें छक्कों-चौकों और ज्यादा देखने को मिल रहे हैं। बल्लेबाज अब और भी लम्बे छक्के लगा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास के टॉप 5 सबसे लम्बे छक्के कौन से हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे लम्बे सिक्स लगाने वाले टॉप 5 खिलाड़ी

5. रोवमन पॉवेल (Rovman Powell) – 107 मीटर
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान रोवमन पॉवेल दुनिया के सबसे खतरनाक पावर हिटर्स में से माने जाते हैं। वो अपने दम पर मैच जिताने की भी काबिलियत रखते हैं। साल 2024 में अमेरिका में उनके घर में खेले गए मैच में उन्होंने अपनी पावर को दिखाया था।
यूगांडा के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने बैक ऑफ लेंथ बॉल को लेग साइड में छक्का लगाया था। यह सिक्स 107 मीटर दूर जाकर गिरा था और टूर्नामेंट का सबसे लम्बा सिक्स था।
4. जुनैद सिद्दीकी (Junaid Siddique) – 109 मीटर
यूएई के खिलाड़ी जुनैद सिद्दीकी लम्बे शॉट्स लगाने के लिए जाने जाते हैं। वो काफी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं और गेंदबाजों को डोमिनेट करने की कोशिश करते हैं। भले ही वो गेंदबाज हैं, लेकिन उनको बल्लेबाजी भी खासा पसंद है।
जुनैद ने 2022 में ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ शानदार सिक्स लगाया था। उन्होंने उस मैच में फॉर्म में चल रहे दुष्मंथा चमीरा की फुल बॉल को मिडविकेट के ऊपर से सिक्स मारा था। उस छक्के की लम्बाई 109 मीटर थी और यह उस टूर्नामेंट का सबसे लम्बा सिक्स था।
3. आंद्रे रसेल (Andre Russell) – 111 मीटर
वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से हैं। वो अपने दम पर हारा हुआ मैच भी जिता सकते हैं और उन्होंने ऐसा कर भी रखा है। रसेल लम्बे-लम्बे सिक्स लगाने के लिए जाने जाते हैं।
साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान उन्होंने गेंद को लेग साइड के ऊपर से गगनचुंबी छक्का मारा था। यह 111 मीटर का था, जो कि टूर्नामेंट का उस दौर का सबसे लम्बा सिक्स था।
2. लियम लिविंगस्टोन (Liam Livingstone) – 112 मीटर
इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियम लिविंगस्टोन भी लम्बे-लम्बे सिक्स लगाने के लिए जाने जाते हैं। बड़े हिट्स लगाने की उनकी सफलता का राज उनकी बैट स्विंग और ताकत है। जिस तेजी से वो बैट को नीचे लाते हैं और स्वीट स्पॉट से हिट करते हैं, वैसा बहुत कम ही कर पाते हैं।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने मिडविकेट के ऊपर से 112 मीटर का लम्बा सिक्स मारा था। यह उस टूर्नामेंट का सबसे लम्बा छक्का था।
1. युवराज सिंह (Yuvraj Singh) – 119 मीटर
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे लम्बा सिक्स मारने का रिकॉर्ड भारत के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह के नाम पर है। वो जब लय में होते थे तो उनको रोकना बहुत ही मुश्किल होता था। वो जिस आसानी के साथ छक्के मारते थे, वो देखने में काबिले-तारीफ था।
युवराज सिंह ने साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में उनके सबसे तेज गेंदबाज ब्रेट ली की फुल बॉल को पैड्स से फ्लिक करके 119 मीटर का छक्का मारा था। यह इस टूर्नामेंट का ही नहीं बल्कि पूरी हिस्ट्री का सबसे बड़ा सिक्स है।







